औरंगाबाद शहर. जिले में फॉर्मर आईडी कार्ड बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है. इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने नवीनगर प्रखंड ने चंद्रगढ़ पंचायत सरकार भवन में फार्मर रजिस्ट्री-किसान की डिजिटल पहचान अभियान के तहत चल रहे फार्मर आईडी कार्ड निर्माण एवं रजिस्ट्री कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिविर में उपलब्ध तकनीकी व्यवस्था, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया तथा किसानों की सहभागिता की जानकारी प्राप्त की. उन्होंने उपस्थित कर्मियों को निर्देश दिया कि किसानों का पंजीकरण कार्य तेजी एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाये, ताकि किसी भी पात्र किसान की फार्मर रजिस्ट्री लंबित न रहे. उन्होंने नवीनगर अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति के लिए मिशन मोड में कार्य करते हुए समयबद्ध रूप से फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूरा कराया जाये. उन्होंने कहा कि इस अभियान की नियमित निगरानी एवं अनुश्रवण वरीय पदाधिकारियों द्वारा किया जाये, ताकि सभी पंचायतों में लक्ष्य के अनुरूप कार्य सुनिश्चित हो सके. विदित हो कि फार्मर रजिस्ट्री-किसान की डिजिटल पहचान अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों की पंचायतों में पंचायत सरकार भवनों एवं अन्य सरकारी भवनों में पंचायतस्तरीय शिविरों का नियमित आयोजन किया जा रहा है. इन शिविरों में कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार एवं राजस्व कर्मियों की उपस्थिति में किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया का सुचारू निबटारा किया जा रहा है. इस मौके पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रितेश कुमार यादव, निदेशक डीआरडीए अनुपम कुमार, जिला आपदा प्रभारी अंतरा कुमारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.