एक ही फोटो से कई दिनों तक बनायी ऑनलाइन हाजिरी, रैंडम जांच में पकड़ी गयी बड़ी लापरवाही
48 घंटे के भीतर जवाब नहीं देने पर आरोपित शिक्षकों के खिलाफ होगी सख्त विभागीय कार्रवाईफरवरी माह की जांच में सामने आयी अनियमितता, डिजिटल सिस्टम के दुरुपयोग पर विभाग सख्त
फोटो नंबर-15- स्पष्टीकरण की चिट्ठीप्रतिनिधि, औरंगाबाद कार्यालयजिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, औरंगाबाद की ओर से इ-शिक्षाकोष पोर्टल पर दर्ज ऑनलाइन उपस्थिति में गंभीर अनियमितताएं पाये जाने के बाद 11 शिक्षकों व शिक्षिकाओं से स्पष्टीकरण मांगा गया है. यह कार्रवाई फरवरी 2026 माह की उपस्थिति की रैंडम जांच के दौरान सामने आयी गड़बड़ियों के आधार पर की गयी है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्राथमिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा) के हस्ताक्षर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि विभागीय निर्देशानुसार सभी शिक्षकों को प्रतिदिन इ-शिक्षाकोष एप पर अपनी उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य है, लेकिन जांच में पाया गया कि कई शिक्षकों ने निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया और एक ही फोटो को कई दिनों तक अपलोड किया या कई तिथियों में उपस्थिति दर्ज ही नहीं की. जांच के दौरान सामने आया कि सदर प्रखंड के मध्य विद्यालय खरंजा, मदनपुर के मध्य विद्यालय बेला, सदर प्रखंड के मध्य विद्यालय बाजितपुर, गोह प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय बेनी कैथी, मदनपुर प्रखंड के कन्या मध्य विद्यालय, उच्च विद्यालय गणेशनगर मनिका, प्राथमिक विद्यालय कुशा, प्राथमिक विद्यालय हसनबार फुदकी, उच्च विद्यालय बेरी और गोह प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय सागरपुर के शिक्षक इस गड़बड़ी में शामिल हैं. कॉलम में दर्ज विवरण के अनुसार, कई शिक्षकों ने 14 फरवरी को अपलोड की गयी एक ही फोटो को 17 से 28 फरवरी तक बार-बार उपयोग किया. वहीं, कुछ मामलों में चार से छह फरवरी या 23 से 27 फरवरी तक ऑनलाइन उपस्थिति अनुपस्थित पायी गयी.