Jagdev Prasad Statue Aurangabad : रफीगंज विधानसभा क्षेत्र के वलीगांव में 9 जुलाई को आयोजित होने वाले शहीद जगदेव प्रसाद की आदमकद प्रतिमा अनावरण समारोह की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं. प्रस्तावित कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शामिल होने की संभावना को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है. आयोजन समिति और जगदेव विचार मंच के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं.
युद्धस्तर पर चल रही तैयारियां
कार्यक्रम स्थल पर हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए हेलीपैड बनाया जा रहा है. विशाल पंडाल, हैंगर, मंच तथा लोगों के बैठने की व्यापक व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है. जिला प्रशासन की निगरानी में सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है.
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय मेहता ने बताया कि जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में शहीद जगदेव प्रसाद के अनुयायियों और समाज के लोगों से लगातार संपर्क किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम में लाखों लोगों के पहुंचने की संभावना है और लोग मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सुनने के लिए उत्साहित हैं. उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों में यह आयोजन विशेष महत्व रखता है.
विकास योजनाओं की घोषणा की उम्मीद
रफीगंज विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि शहीद जगदेव प्रसाद समाज के प्रेरणास्रोत रहे हैं. उनकी प्रतिमा का अनावरण पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है. उन्होंने विश्वास जताया कि यह कार्यक्रम सामाजिक एकता और जनभागीदारी का नया संदेश देगा. जगदेव विचार मंच के कोषाध्यक्ष धनंजय कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि वलीगांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उच्च विद्यालय सहित कई विकास योजनाओं की घोषणा और शिलान्यास मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा.
आयोजन समिति के अध्यक्ष राम प्रसाद मेहता, सचिव अमरजीत प्रसाद, सुरेश प्रसाद, वंशराज प्रसाद, धीरेंद्र कुमार, नागेंद्र कुमार, संजय कुमार, उपेंद्र कुमार, एसके कुमार सहित अन्य सदस्य कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं. आयोजकों के अनुसार औरंगाबाद सहित आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है.
बारिश से प्रभावित हुई तैयारियां
लगातार हो रही बारिश के कारण वलीगांव स्थित आयोजन स्थल का स्वरूप प्रभावित हुआ है. मैदान के कई हिस्सों में जलजमाव और कीचड़ होने से तैयारियों में अस्थायी बाधा आई. हालांकि आयोजन समिति और प्रशासन ने स्थिति पर तुरंत काम शुरू कर दिया है. जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से स्थल को समतल किया जा रहा है तथा पानी निकासी की व्यवस्था की जा रही है. आयोजकों का कहना है कि 9 जुलाई को प्रस्तावित कार्यक्रम निर्धारित समय पर होगा और सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएंगी.
