डोर-टू-डोर कचरा उठाव बंद, वार्डों में कचरे के ढेर से फैल रही बदबू
प्रतिनिधि, नवीनगर.न्यूनतम मजदूरी दर की मांग को लेकर नगर पंचायत के सफाई कर्मियों को हड़ताल पर जाने का मामला प्रकाश में आया है. जानकारी मिली कि नगर पंचायत क्षेत्र में सफाईकर्मियों की हड़ताल ने व्यवस्था को पूरी तरह ठप कर दिया है. डोर-टू-डोर कूड़ा उठाव बंद होने से शहर के वार्डों, गलियों और मुख्य सड़कों पर कचरे का अंबार लग गया है. कई स्थानों पर कूड़ा सड़कर बदबू फैलाने लगा है.हालात यह हैं कि सुबह-शाम कचरा उठने की आदत वाले लोग अब परेशानियों से घिर गये है. सफाईकर्मियों ने नगर पंचायत कार्यालय को दिए आवेदन में अपनी समस्याएं स्पष्ट रूप से रखी हैं. उनका कहना है कि उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित मजदूरी दर के अनुसार भुगतान नहीं किया जा रहा है. ठेकेदारी प्रथा के कारण मजदूरी में कटौती होती है और समय पर भुगतान भी नहीं मिलता. कर्मियों का आरोप है कि अन्य विभागों के मजदूरों की तुलना में उन्हें काफी कम पारिश्रमिक दिया जाता है, जो उनके जीवनयापन के लिए पर्याप्त नहीं है.