Aurangabad Road Accident : राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मदनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा बड़ी मस्जिद के समीप उस समय हुआ, जब एक बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई. बाइक पर तीन युवक सवार थे.
मृतक की पहचान झारखंड के पलामू जिले के पाण्डु थाना क्षेत्र स्थित बरवाही गांव निवासी रविंद्र पाल के पुत्र आर्यंस पाल के रूप में हुई है. वहीं हादसे में घायल पवन पाल (पुत्र मनेश पाल, बरवाही) तथा सोनू कुमार (फुलिया गांव निवासी) का इलाज जारी है. दोनों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है.
शादी समारोह से लौट रहे थे तीनों युवक
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान मदनपुर थाना क्षेत्र के बड़ी मस्जिद के पास सड़क किनारे पहले से खड़े ट्रक से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मदनपुर पहुंचाया. ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. संजय कुमार ने जांच के बाद आर्यंस पाल को मृत घोषित कर दिया. वहीं पवन पाल और सोनू कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद रेफर कर दिया गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
एनएच पर खड़े वाहनों से बढ़ रहा खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-19 पर अक्सर भारी वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे खड़े वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.
