गोह. देवकुंड स्थित रामशरण यादव महाविद्यालय में स्नातक सत्र 2024-28 (सेमेस्टर-4) के नामांकन एवं परीक्षा फॉर्म शुल्क को लेकर जमकर हंगामा हुआ. छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर निर्धारित दर से अधिक वसूली का आरोप लगाते हुए परिसर में विरोध प्रदर्शन किया. भारी आक्रोश को देखते हुए अंततः कॉलेज प्रशासन को झुकना पड़ा और वार्ता के बाद शुल्क में कटौती की गयी. मामले की गंभीरता को देखते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्र नेताओं के नेतृत्व में दर्जनों छात्र कॉलेज पहुंचे और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ जमकर विरोध जताया. छात्रों का आरोप था कि नामांकन के नाम पर उनसे अतिरिक्त राशि ली जा रही है. हंगामे के कारण काफी देर तक कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. स्थिति बिगड़ती देख प्राचार्या ने छात्र प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए बुलाया.