कुटुंबा. अंबा–नवीनगर मुख्य पथ स्थित बतरे नदी पर बना पुल इन दिनों यात्रियों के लिए खतरे का कारण बना हुआ है. पुल के दोनों किनारों पर गार्डवाल नहीं होने के कारण यहां से गुजरने वाले लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. उक्त पथ से होकर खासकर आसपास के ग्रामीण पैदल हीं यात्रा करते है. इधर गया पटना, वाराणसी, रांची, टाटा व धनबाद आदि बड़े शहरो तक पहुचने वाली सवारी वाहन इसी पथ से गुजरती है. महिला कॉलेज मुड़िला अंबा के प्रिसिंपल दिनेश कुमार सिंह, डॉ अर्जुन कुमार वर्मा, डॉ प्रकाश वर्मा, अजीत कुमार, रवींद्र पांडेय, राजद प्रखंड अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा और बैजनाथ मेहता के अनुसार पुल की चौड़ाई सीमित है. आये दिनों दोनों ओर से वाहनों की तेज रफ्तार आवाजाही बनी रहती है. ऐसे में पैदल चलने वाले यात्रियों को पुल पार करने के दौरान काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. वाहन गुजरते समय लोग सहम जाते हैं. इसका मुख्य वजह है कि पुल के किनारे सुरक्षा के लिए कोई गार्डवाल या रेलिंग नहीं है.कभी-कभी, तो थोड़ी सी चूक किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन जाती है.