वीर कुंवर सिंह विवि आरा: दाखिला, परीक्षा प्रपत्र व पंजीकरण के लिए आज से खुलेगा समर्थ पोर्टल

Arrah News : डीएसडब्ल्यू ने पोर्टल संचालन से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया. सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए.

By Rajeev Kumar | June 10, 2026 12:16 PM

आरा से आशुतोष पाण्डेय की रिपोर्ट

Arrah News :  वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है. विश्वविद्यालय का समर्थ पोर्टल बुधवार से पुनः संचालित हो जाएगा. पोर्टल खुलने के साथ ही छात्रों के नामांकन, पंजीकरण, परीक्षा प्रपत्र भरने और अन्य ऑनलाइन कार्यों में आ रही बाधाएं दूर हो जाएंगी.

इस संबंध में विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष (डीएसडब्ल्यू) ओपी राय बुधवार सुबह विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे और पोर्टल संचालन से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ बैठक कर पोर्टल को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए.

पोर्टल खुलने से छात्रों को मिलेगी राहत

डीएसडब्ल्यू ओपी राय ने बताया कि पोर्टल बंद रहने के कारण छात्र-छात्राओं को विभिन्न शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. नामांकन, पंजीकरण, परीक्षा फॉर्म भरने, दस्तावेज अपलोड करने समेत कई महत्वपूर्ण ऑनलाइन प्रक्रियाएं प्रभावित थीं.

उन्होंने कहा कि पोर्टल शुरू होते ही विद्यार्थी अपने सभी लंबित कार्य आसानी से पूरा कर सकेंगे. इससे हजारों छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा और विश्वविद्यालय व कॉलेज परिसरों में अनावश्यक भीड़ भी कम होगी.

अधिकांश कार्य ऑनलाइन ही हो जाएगा

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है. समर्थ पोर्टल के माध्यम से अधिकांश कार्य ऑनलाइन ही संपन्न किए जा सकेंगे, जिससे विद्यार्थियों का समय और संसाधन दोनों बचेंगे. उन्हें बार-बार विश्वविद्यालय अथवा महाविद्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा.

निर्धारित समय पर कार्यों का निष्पादन करें

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी छात्र-छात्राओं से अपील की है कि पोर्टल खुलने के बाद निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने आवश्यक कार्यों का निष्पादन कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. प्रशासन को उम्मीद है कि पोर्टल के पुनः संचालन से विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी आएगी.

Also Read: पटना के इस ऐतिहासिक मंदिर का होगा कायाकल्प, एसडीओ ने अतिक्रमणकारियों को दिया 4 दिन का अल्टीमेटम