वीर कुंवर सिंह यूनिवर्सिटी ने जारी किया पीजी सेमेस्टर-4 का रिजल्ट, जानिए किस-किस विषय का आया है परिणाम

VKSU Result: वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय आरा ने स्नातकोत्तर सेमेस्टर-4 (सत्र 2024-26) के विभिन्न विषयों का परीक्षा परिणाम ऑनलाइन जारी कर दिया है. छात्र यूनिवर्सिटी के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं.

By Nikhil Anurag | June 4, 2026 4:48 PM

VKSU Result: (आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट) वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग ने स्नातकोत्तर सेमेस्टर-4, सत्र 2024-26 के परीक्षार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है. विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा विभिन्न विषयों का परीक्षा परिणाम आधिकारिक तौर पर ऑनलाइन घोषित कर दिया गया है. ताजा अपडेट के अनुसार, पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन (लोक प्रशासन) विषय का बहुप्रतीक्षित रिजल्ट भी अब पूरी तरह तैयार कर छात्रों के लिए पोर्टल पर उपलब्ध करा दिया गया है.

इस परीक्षा में शामिल हुए जिले के हजारों छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय के आधिकारिक परीक्षा पोर्टल और संबंधित वेबसाइटों के माध्यम से लॉग-इन करके अपना परिणाम और डिजिटल मार्कशीट देख व डाउनलोड कर सकते हैं. परीक्षा परिणाम जारी होते ही सफल छात्रों के बीच उत्साह का माहौल देखा जा रहा है.

उर्दू विषय का रिजल्ट अभी पेंडिंग, जल्द होगा प्रकाशित

विश्वविद्यालय प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीजी सेमेस्टर-4 के लगभग सभी मुख्य विषयों के परिणाम पहले ही चरणबद्ध तरीके से ऑनलाइन उपलब्ध कराए जा चुके थे. पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन का रिजल्ट जारी होने के बाद अब केवल उर्दू विषय का परिणाम आना बाकी है. विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक कार्यालय द्वारा बताया गया है कि उर्दू विषय के रिजल्ट को तकनीकी रूप से अपग्रेड किया जा रहा है और इसे भी आगामी एक से दो दिनों के भीतर जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव कर दिया जाएगा.

यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों को सलाह दी है कि वे परिणाम से जुड़े किसी भी अन्य अपडेट या विसंगति के सुधार के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट पर दिए गए निर्देशों का ही पालन करें.

Also Read: चोरी के शक में दो पक्षों में विवाद, फायरिंग में वार्ड सदस्य के भाई को लगी गोली, इलाजरत