सवारियों से भरा ऑटो पलटा, मामी भांजा समेत चार लोग हुए जख्मी
टाउन थाना क्षेत्र के धरहरा मोड़ के समीप बुधवार की दोपहर हुई घटना
By DEVENDRA DUBEY |
May 13, 2026 10:12 PM
आरा.
बक्सर-पटना फोरलेन पर शहर के टाउन थाना क्षेत्र के धरहरा मोड़ के समीप बुधवार की दोपहर सवारियों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में ऑटो पर सवार पटना निवासी मामी-भांजा समेत तीन लोग जख्मी हो गये. जबकि तीन अन्य बाल-बाल बच गये. उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. घटना के बाद चालक ऑटो लेकर मौके से फरार हो गया. जानकारी के अनुसार घायलों में पटना जिले के विक्रम थाना क्षेत्र के नेवातपुर गांव निवासी नीतीश कुमार की 23 वर्षीया पत्नी रंभा कुमारी, उसी थाना क्षेत्र के करसा गांव निवासी विनोद पासवान की 45 वर्षीया पत्नी रामकुमारी एवं बिहटा थाना क्षेत्र के बहपुरा गांव निवासी बमल पासवान का 20 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार शामिल हैं. इधर, राम कुमारी ने बताया कि वह अपने भांजे सूरज कुमार, रिश्तेदार रंभा कुमारी एवं एक बच्ची के साथ बिहटा मोड़ से ऑटो द्वारा शहर के टाउन थाना क्षेत्र के गौसगंज स्थित विश्वकर्मा मंदिर में रिश्तेदार के शादी में शामिल होने के लिए आ रही थी. उसी दौरान धरहरा मोड़ के समीप अचानक अनियंत्रित होकर उनकी ऑटो पलट गया, जिसमें वे लोग जख्मी हो गये. जबकि अन्य बाल-बाल बच गये. तब परिजन द्वारा उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. हादसे में सूरज कुमार का पैर फ्रैक्चर कर गया है.
...