जेसीबी-बाइक की टक्कर में सात वर्षीया बच्ची की मौत, तीन जख्मी
धनगाई थाना क्षेत्र के शिवपुर बाल के समीप हुई घटना
By DEVENDRA DUBEY |
May 12, 2026 10:12 PM
आरा.
धनगाई थाना क्षेत्र के शिवपुर बाल के समीप मंगलवार की दोपहर जेसीबी एवं बाइक की टक्कर हो गयी. बाइक सवार बच्ची की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. जबकि बाइक चला रहे उसके माता-पिता व बहन जख्मी हो गये. जिनका इलाज जगदीशपुर अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया. घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी मची रही. जानकारी के अनुसार मृत बच्ची बिहिया थाना क्षेत्र के मझौली गांव निवासी बिंदेश्वरी साह की सात वर्षीया पुत्री दीक्षा कुमारी है. जबकि घायलों में मृत बच्ची के पिता बिंदेश्वरी साह, उसकी माता अनीता देवी एवं बहन रिचा कुमारी शामिल हैं. इधर, मृत बच्ची के परिजन प्रेम कुमार ने बताया कि वह अपने पिता बिंदेश्वरी साह, मां अनिता देवी व बहन रिचा कुमारी के साथ बाइक द्वारा बक्सर जिले के नवानगर थाना क्षेत्र के डिहोपुर गांव अपने ननिहाल शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रही थी. इसी बीच शिवपुर बाल के समीप गिट्टी उठाने के दौरान जब जेसीबी बैक हुई, तो बाइक से टकरा गयी, जिसमें दीक्षा कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. जबकि उसके पिता बिंदेश्वरी साह, मां अनिता देवी एवं बहन रिचा कुमारी जख्मी हो गये. जिनका इलाज जगदीशपुर अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया. बताया जाता है की मृत बच्ची अपने दो भाई व दो बहन में छोटी थी. उसके परिवार में मां अनीता देवी व भाई हिमांशु कुमार, विशाल कुमार एवं एक बहन रिचा कुमारी है. घटना के बाद मृत बच्ची के घर में हाहाकार मच गया है. उसकी मां अनिता देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
...