ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार अधेड़ की गयी जान

मृतक रोहतास के थे रहनेवाले, मुआवजे व ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर किया रोड जाम

By DEVENDRA DUBEY | May 7, 2026 10:01 PM

आरा.

आरा-मोहनिया नेशनल हाइवे पर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के हरिगांव के समीप गुरुवार की सुबह रोहतास निवासी बाइक सवार अधेड़ को एक ट्रैक्टर ने रौंद दिया. हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. वहीं, घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया. उधर, घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों एवं परिजन का आक्रोश भड़क उठा. आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग एवं ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार करने को लेकर हरिगांव के समीप शव के साथ रोड जाम कर दिया. करीब चार घंटे तक जाम होने से सड़क की दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गयी एवं आवागमन पूरी तरह ठप रहा. सूचना पाकर जगदीशपुर थानाध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम को हटवाया गया. इसके पश्चात पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया. जानकारी के अनुसार मृतक रोहतास जिला के दिनारा थाना क्षेत्र भरहुआ गांव निवासी रामदीप सिंह के 52 वर्षीय पुत्र जितेंद्र कुमार सिंह है. वह दिल्ली में रहकर प्राइवेट कंपनी में काम करते थे. इधर, मृतक के फुफेरे भाई आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि वह बाइक से उदवंतनगर थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव अपनी बुआ के घर जा रहे थे. उसी दौरान हरिगांव के समीप रांग साइड से आ रहे बेलगाम ट्रैक्टर ने उन्हें रौंद दिया, जिसमें उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. इसके बाद स्थानीय लोगों द्वारा उन्हीं के मोबाइल से फोन पर इसकी जानकारी परिजनों को दी. तब सूचना पाकर परिजन वहां पहुंचे. बताया जाता है कि मृतक अपने तीन भाई व दो बहन में बड़े थे. उनके परिवार में पत्नी उषा देवी, दो पुत्री रीती कुमारी, प्रिया कुमारी व दो पुत्र प्रिंस कुमार एवं उज्ज्वल कुमार है. घटना के बाद मृतक के घर में हाहाकार मच गया है. उसकी पत्नी उषा देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.