बैक करने के दौरान निजी स्कूल के वाहन चालक ने नर्सरी के छात्र को कुचला, मौत

गड़हनी थाना क्षेत्र के बहादुर टोला में मंगलवार की दोपहर हुआ हादसा

By DEVENDRA DUBEY | April 28, 2026 10:24 PM

आरा.

गड़हनी थाना क्षेत्र के बहादुर टोला में मंगलवार की दोपहर प्राइवेट स्कूल वाहन ने अपने ही स्कूल के छात्र को रौंद दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद चालक स्कूल वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. वहीं, आसपास के इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही. जानकारी के अनुसार मृत बच्चा गड़हनी थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी पप्पू कुमार का सात वर्षीय पुत्र शुभम कुमार है. वह नर्सरी कक्षा का छात्र था. इधर, मृतक के फुफेरे चाचा विकास कुमार ने बताया कि वह रोज की तरह छुट्टी होने के बाद अपने स्कूल के वाहन से बहादुरपुर टोला सड़क किनारे उतरा. तभी उसी वाहन चालक द्वारा बिना पीछे देखे ही वाहन को पीछे करने के दौरान उस पर चढ़ा दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद चालक स्कूल वाहन लेकर वहां से भाग निकला. तब परिजन द्वारा इसकी सूचना स्थानीय थाने को दी. सूचना पाकर स्थानीय थाना मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवायी. वहीं दूसरी तरफ मृत बच्चे के फुफेरे चाचा विकास कुमार ने उसके स्कूल वाहन में कैमरा नहीं होने, वाहन चालक द्वारा बिना देखे पीछे रिवर्स करने एवं स्कूल संचालक के लापरवाही के कारण अपने ममेरे भतीजे के मौत होने का आरोप लगाया है. बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है. बताया जाता है कि मृत बच्चा अपने दो भाई में छोटा था. उसके परिवार में मां मीरा देवी एवं एक भाई सुमन कुमार है. घटना के बाद मृतक के घर में हाहाकार मच गया है. मृत बच्चे की मां मीरा देवी हम परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.