सनकी पति ने पत्नी को मारी गोली, जख्मी

नशे में घर आकर पत्नी के साथ करता था मारपीट, डांट फटकार करने पर पर घटना को दिया अंजामजख्मी का आरा शहर के निजी अस्पताल में कराया जा रहा इलाज

By DEVENDRA DUBEY | January 29, 2026 6:51 PM

आरा.

धनगाई थाना क्षेत्र के खैराहा गांव में गुरुवार की शाम सनकी पति ने पत्नी को सिर में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गयी. उसे इलाज के लिए आरा के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है. घटना को लेकर गांव एवं आसपास में सनसनी मच गयी है. सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गयी है. जानकारी के अनुसार जख्मी धनगाई थाना क्षेत्र के खैराहा गांव निवासी आकाश कुमार की 35 वर्षीया पत्नी लवली कुमारी है. इधर, जख्मी महिला के ससुर संजय सिंह ने बताया कि उनका बेटा आकाश कुमार काफी ज्यादा शराब पीता है. शराब के नशे में घर आकर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता और हमलोगों को भी गाली-गलौज करता है. बुधवार की शाम वह शराब के नशे में आया था, जिसके बाद मैंने उसे डांट-फटकार भी लगायी थी. इसी बीच गुरुवार की शाम उसने अपनी पत्नी लवली कुमारी को गोली मार दी. बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है. जख्मी महिला का इलाज कर रहे सर्जन चिकित्सक डॉ. विकास सिंह ने बताया कि जख्मी महिला को गोली सिर के बीच ललाट पर लगी है. गोली लगने के कारण उसका खून काफी बह गया है. स्थिति भी नाजुक है. फिलहाल ऑपरेशन कर बुलेट निकाल दिया गया है. बावजूद इसके उसे अभी 72 घंटे तक निगरानी में रखा जायेगा.