पूर्व मुखिया पुत्र की हत्या में फरार आरोपित गिरफ्तार
गड़हनी थाना क्षेत्र के बनकट गांव स्थित नहर किनारे चार अप्रैल की सुबह हुई थी हत्या
By DEVENDRA DUBEY |
April 24, 2026 10:03 PM
आरा.
गड़हनी थाना पुलिस ने पूर्व मुखिया पुत्र की हत्या में फरार आरोपित को गिरफ्तार किया गया. उसकी गिरफ्तारी थाना क्षेत्र के लहरपा गांव स्थित उसके घर से गुरुवार को की. गिरफ्तार आरोपित गड़हनी थाना क्षेत्र के लहरपा गांव निवासी स्व.भोला यादव का पुत्र हीरालाल यादव है. इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज ने दी. बता दें कि बीते चार अप्रैल की सुबह गड़हनी थाना क्षेत्र के लहरपा गांव वार्ड नंबर- एक निवासी पूर्व मुखिया पुत्र रितेश सिंह उर्फ भुअर सिंह की हत्या कर दी गयी थी. घटना उस समय हुई जब वे अपनी पत्नी श्वेता सिंह को स्कूटी द्वारा बनकट गांव स्थित स्कूल छोड़कर वापस घर लौट रहे थे. उसी दौरान बनकट गांव स्थित नहर किनारे अज्ञात अपराधियों द्वारा गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गयी थी.उस वक्त प्रतिशोध में हत्या करने की बात सामने आयी थी, जिसके पश्चात मृतक की पत्नी श्वेता सिंह द्वारा लहरपा गांव निवासी मकरध्वज उर्फ रणवीर यादव, मनीष कुमार एवं हीरालाल यादव सहित 11 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी थी. दर्ज प्राथमिकी में हीरालाल यादव पर साजिश करने का आरोप लगाया गया था. उसी समय से उक्त आरोपित फरार चल रहा था. इस हत्याकांड में पुलिस ने बीते 13 अप्रैल को झारखंड के सरायकेला से मुख्य अभियुक्त मकरध्वज यादव उर्फ रणवीर यादव एवं मनीष कुमार को गिरफ्तार किया था. तब उनके पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल एवं दो कारतूस बरामद किया था.
...