Bhojpuri News : जगदीशपुर में 53 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

जगदीशपुर थाना क्षेत्र के विमवां गांव में पुलिस ने छापेमारी कर 53 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया है.

By SHAH ABID HUSSAIN | January 31, 2026 11:38 PM

आरा. जगदीशपुर थाना क्षेत्र के विमवां गांव में पुलिस ने छापेमारी कर 53 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया है. इस दौरान एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है. बरामद ब्राउन शुगर का कुल वजन 20.39 ग्राम है, जिसका बाजार मूल्य डेढ़ लाख रुपये आंका गया है. पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक लाख दो हजार 325 रुपये नकद, नौ एंड्रॉयड मोबाइल और तीन कीपैड मोबाइल भी जब्त किये हैं. यह कार्रवाई एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गयी. टीम में जगदीशपुर थानाध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल, अपर थानाध्यक्ष प्रभात कुमार, डीआइयू टीम के सदस्य तथा एसआइ विवेक और वंदना इसराफिल शामिल थे. पुलिस टीम ने विमवां गांव स्थित एक मकान में छापेमारी कर लकड़ी की अलमारी में रखे काले पॉलीथिन से ब्राउन शुगर बरामद की. गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान भिखारी कुमार उर्फ रवि कुमार उर्फ बाहरन, पिता राम बचन सिंह के रूप में हुई है. पुलिस ने इस मामले में कांड दर्ज कर अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस अब नशा तस्करी के नेटवर्क की गहराई से जांच में जुटी है और ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रखने का भरोसा दिलाया है.