हथकड़ी समेत थाने से फरार हुआ चोर, घंटों बाद पकड़ाया

आरोपित के फरार होते ही पुलिसवालों में मची खलबली

By Prabhat Khabar News Desk | April 25, 2024 10:01 PM

कोईलवर. कोईलवर के गीधा थाना से चोरी के आरोप में पकड़ाया एक चोर हथकड़ी सहित फरार हो गया. पुलिस निगरानी में रखे गये चोर के हथकड़ी सहित भागने पर थाने में हड़कंप मच गया. जैसे ही थाना के पदाधिकारियों को खबर मिली टीम बनाकर छापेमारी की गयी, तब जाकर चोर को दुबारा पकड़ा जा सका. जानकारी के अनुसार आरोपित के हथकड़ी सहित फरार हो जाने के बाद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया, जिसके बाद उसकी धर पकड़ के लिए पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर दो घंटे में उसे धर दबोचा. मालूम हो कि गुरुवार की सुबह कायमनगर सब्जीमंडी में किसान का साइकिल चोरी कर भाग रहे चोर को ग्रामीणों ने पकड़ उसकी पिटाई कर दी थी. इसके बाद चोर को गीधा थाना के पुलिस गश्ती टीम के हवाले कर दिया गया था. पूछताछ के क्रम में यह भी जानकारी मिली कि वह पहले भी टाउन थाना आरा में चोरी के आरोप में जेल गया था. जानकारी के अनुसार आरोपित चोर को थाना लाने के बाद थाना के अस्थायी हाजत में हथकड़ी लगा कर पुलिस अभिरक्षा में रखा गया था. इसी बीच वह गुरुवार की दोपहर में संतरी से नजर बचा कर थाना से हथकड़ी सहित नौ दो ग्यारह हो गया. आरोपित के फरार होते ही गीधा थाना में हड़कंप मच गया, जिसके गिरफ्तारी के लिए हाइवे पर गश्त बढ़ा छापेमारी शुरू कर दी गयी. दो घंटे की बाद आरोपित चोर को गिरफ्तार कर लिया गया. गीधा थानाध्यक्ष प्रियाशीला ने बताया कि आरोपित चोर जयप्रकाश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो शिवनगर का रहने वाला है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है