बिहार में पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइन, शादी के सीजन के बीच बढ़ी चिंता, प्रशासन ने कहा- किल्लत नहीं

Petrol Diesel Crisis: बिहार के आरा और बक्सर में सुबह-सुबह पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी लाइन दिखी. मोटरसाइकिल, कार और बोतल लेकर लोग लाइन में खड़े दिखे. लेकिन प्रशासन का साफ कहना है कि पेट्रोल-डीजल की कोई किल्लत नहीं है.

By Preeti Dayal | April 28, 2026 10:38 AM

Petrol Diesel Crisis: बिहार के बक्सर और भोजपुर जिले के आस-पास के इलाकों में पेट्रोल-डीजल के कमी की खबर है. कई जगहों पर पेट्रोल पंपों पर ताले लटके नजर आ रहे हैं. जहां तेल उपलब्ध है वहां लंबी-लंबी लाइन लगी हुई है. हालात ऐसे हैं कि लोग एक पंप से दूसरे पंप तक भटकने को मजबूर हैं.

क्या कहना है पंप संचालकों का?

पंप संचालकों ने कहा, डिपो से नियमित सप्लाई नहीं मिलने की वजह से ही इस तरह का माहौल बना हुआ है. चाहकर भी ग्राहकों को पेट्रोल-डीजल नहीं दे पा रहे हैं. सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ती है. गाड़ियों की लंबी लाइनें पंप परिसर से निकलकर सड़क तक पहुंच जाती हैं. कई लोग तो बोतल और डिब्बा लेकर पेट्रोल-डीजल लेने के लिए लाइन में खड़े हैं. घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है.

शादी-विवाह वाले घरों में बढ़ी चिंता

इस सब में सबसे ज्यादा असर उन परिवारों पर पड़ रहा है, जिनके घरों में शादी-विवाह जैसे मांगलिक कार्यक्रम चल रहे हैं. बारात और मेहमानों को लाने-ले जाने में भी काफी परेशानी हो रही है. पेट्रोल और डीजल नहीं मिलने के कारण सामान ढुलाई और अन्य जरूरी कामों के लिए गाड़ियां नहीं मिल रही हैं.

ग्रामीण इलाकों की हालात और भी खराब

शहर के मुकाबले ग्रामीण इलाकों में स्थिति और भी गंभीर बताई जा रही है. गावं के नजदीकी पंपों पर ताला लटकने से लोगों को कई किलोमीटर दूर जाकर तेल लेनी पड़ रही है. कई बार तो बिना तेल के भी लौटना पड़ रहा है.

जिला प्रशासन ने क्या कहा?

प्रशासन ने पेट्रोल-डीजल की किसी भी तरह की कमी होने से इनकार किया है. उनका कहना है कि यह स्थिति अफवाहों के कारण बनी है. लोगों से अपील की जा रही है कि वे घबराएं नहीं और पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं. पुलिस भीड़ को संभालने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश में जुटी है.

Also Read: पटना में जेपी सेतु पर आपस में टकराईं 5-6 गाड़ियां, बाइक सवार गिरे, घंटों फंसे लोग