गजियापुर में होगा भव्य शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव

18 से 23 फरवरी तक लक्ष्मी नारायण महायज्ञ व श्रीमद्भागवत कथा

By DEVENDRA DUBEY | February 12, 2026 5:54 PM

बड़हरा.

प्रखंड अंतर्गत गजियापुर गांव में परमपूज्य श्री लक्ष्मी प्रपन्न जीयर स्वामी जी महाराज की सत्प्रेरणा से 17 से 23 फरवरी तक शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा सह श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव का भव्य आयोजन किया जायेगा.

धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बनने लगा है. मंडप स्थल से लेकर मंदिर परिसर व गलियों तक तैयारियां जोरों पर चल रही हैं. आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि महोत्सव को ऐतिहासिक एवं दिव्य स्वरूप देने के लिए ग्रामीणों द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्था की जा रही है. 17 फरवरी को परम पूज्य श्री जीयर स्वामी जी महाराज का पावन आगमन होगा. उनके स्वागत में मंगल ध्वनि, शंखनाद एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की जायेगी. श्रद्धालु भव्य स्वागत की तैयारी में जुटे हैं. महोत्सव के दौरान प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा. 18 फरवरी को जलभरी, 19 फरवरी को मंडप प्रवेश, पूजन एवं हवन प्रारंभ होगा, जो 23 फरवरी तक चलेगा. 20 फरवरी को प्रतिमा का ग्राम भ्रमण व शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी. वहीं, 23 फरवरी को पूर्णाहुति के साथ महायज्ञ का समापन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जायेगा, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है.