सीपीआर देने की जानकारी स्कूली बच्चों को दी गयी

एनडीआरएफ की टीम ने स्कूली छात्रों को सिखाया जीवन रक्षा के गुर

By DEVENDRA DUBEY | February 10, 2026 7:50 PM

चरपोखरी.

प्रखंड क्षेत्र के बरनी स्थित लाखा इंटर स्तरीय विद्यालय में मंगलवार को एनडीआरएफ की टीम ने आपदा प्रबंधन और जीवन रक्षा को लेकर एक विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया. इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं को प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं के समय त्वरित बचाव और प्राथमिक उपचार के तरीकों से अवगत कराया गया. शिविर में एनडीआरएफ के प्रशिक्षकों ने विशेष रूप से सीपीआर का लाइव डेमो बच्चों से करवाया गया. टीम द्वारा बताया कि यदि अचानक किसी व्यक्ति की हृदय गति रुक जाये या वह बेहोश हो जाये तो अस्पताल पहुंचने से पहले के कीमती मिनटों में सीपीआर देकर उसकी जान बचायी जा सकती है. इसके अलावा छात्रों को सर्पदंश, आग लगने पर बचाव और पानी में डूब रहे व्यक्ति को बाहर निकालने के आधुनिक तरीकों का अभ्यास कराया गया. जवानों ने घरेलू सामान जैसे खाली प्लास्टिक बोतल और ड्रम की मदद से लाइफ जैकेट बनाने की विधि भी सिखायी. इस दौरान पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक बालगंगाधर तिलक ने एनडीआरएफ की टीम का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में किसी भी आपात स्थिति के लिए मानसिक रूप से तैयार होते हैं. वहीं प्रभारी शिक्षक डॉ जयप्रकाश सुमन ने कहा कि यह केवल प्रशिक्षण नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी का पाठ है. कार्यक्रम के दौरान एनडीआरएफ के अधिकारियों के साथ-साथ विद्यालय के सभी शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे .