एमएलसी उप चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट, आरा में अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश

Bihar News: बिहार विधान परिषद के भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र उप चुनाव 2026 को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. आरा समाहरणालय में आयोजित बैठक में दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान कराने के निर्देश दिए गए.

By Ragini Sharma | May 11, 2026 2:20 PM

Bihar News: बिहार विधान परिषद के उप चुनाव 2026 को लेकर रविवार को अहम बैठक हुई. बैठक भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र को लेकर आरा समाहरणालय में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया ने की. इस में निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त सभी जोनल दंडाधिकारी, सुपर जोनल दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.

निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान पर जोर

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी मतदान प्रक्रिया के दौरान पूरी सतर्कता बरतें. साथ ही किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.

मतदान केंद्रों पर रहेगी कड़ी निगरानी

डीएम तनय सुल्तानिया ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों पर विधि-व्यवस्था पूरी तरह बनाए रखी जाए. उन्होंने कहा कि प्रत्येक गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वरीय अधिकारियों को दी जाए. साथ ही मतदान केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की दिशा सही रखने का भी निर्देश दिया. ताकि मतदान प्रक्रिया की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके. किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को मतदान केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं देने को कहा गया.

मतदान दलों को दिए गए विशेष निर्देश

बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी जोनल दंडाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि डिस्पैच के बाद सभी मतदान दल सीधे अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंचें. यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि कोई भी मतदान दल बीच रास्ते में कहीं न रुके.

अधिकारी और पुलिस कर्मी रहे मौजूद

बैठक में उप विकास आयुक्त भोजपुर, सभी सुपर जोनल दंडाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी समेत संबंधित पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे. प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जाएगी.

Also Read: हाजीपुर में मदर्स डे पर महिलाओं का सम्मान, मंत्री रमा निषाद ने दी शुभकामनाएं