भोजपुर में आकाशीय बिजली से जला प्रखंड कार्यालय का ट्रांसफार्मर, दिनभर ठप रहा सरकारी कामकाज

Bhojpur Transformer Burnt : भोजपुर के बिहिया प्रखंड कार्यालय परिसर में आकाशीय बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर जल गया, जिससे पूरे दिन सरकारी कार्यालयों का कामकाज और ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित रहीं. बिजली विभाग ने नया ट्रांसफार्मर लगा दिया है, बुधवार से आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है.

By MITHILESH KR | June 30, 2026 8:03 PM

Bhojpur Transformer Burnt : प्रखंड कार्यालय परिसर में लगा बिजली ट्रांसफार्मर आकाशीय बिजली गिरने से क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण मंगलवार को पूरे दिन प्रखंड कार्यालय समेत कई सरकारी कार्यालयों का कामकाज प्रभावित रहा. बिजली आपूर्ति बाधित रहने से ऑनलाइन सेवाएं ठप रहीं और विभिन्न कार्यों के लिए पहुंचे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर और बीटीएस क्षतिग्रस्त

जानकारी के अनुसार रविवार शाम हुई बारिश के दौरान प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित ट्रांसफार्मर पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे वह पूरी तरह जल गया. बिजली गिरने के प्रभाव से कार्यालय भवन पर लगे चार बीटीएस भी क्षतिग्रस्त हो गए. इसके कारण मनरेगा कार्यालय, नगर पंचायत और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की इंटरनेट सेवाएं भी प्रभावित रहीं.

ऑनलाइन कार्य रहे बाधित, कर्मचारियों को हुई परेशानी

बिजली और इंटरनेट सेवा बाधित रहने से विभिन्न विभागों के ऑनलाइन कार्य पूरे दिन ठप रहे. कुछ समय बाद इन्वर्टर भी जवाब दे गए, जिससे कार्यालयों का कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो गया. भीषण गर्मी और उमस के बीच कई अधिकारी फील्ड कार्य का हवाला देकर कार्यालय नहीं पहुंचे, जबकि कई कर्मचारी कार्यालय परिसर के बाहर समय बिताते नजर आए.

नया ट्रांसफार्मर लगाया गया, आज बहाल हो सकती है बिजली

घटना की सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग ने तत्परता दिखाते हुए सोमवार को नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया. हालांकि चार्जिंग और अन्य तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी नहीं होने के कारण देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी. अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि बुधवार से बिजली आपूर्ति सामान्य हो जाएगी और सभी सरकारी कार्यालयों में नियमित कामकाज शुरू हो जाएगा.

इसे भी पढ़ें : बिहार रेजिमेंट सेंटर दानापुर में 63वीं राष्ट्रीय राइफल्स का स्थापना दिवस समारोह का आयोजन, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि