Arrah News : जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में जूम बैठक के माध्यम से नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों में संचालित एमआरएफ एवं कंपोस्ट पिट सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति और भूमि उपलब्धता की समीक्षा की गई. बैठक के दौरान सभी नगर परिषद एवं नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारियों से योजनाओं के लिए भूमि चयन की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई.
सभी नगर निकायों में उपलब्ध कराई गई भूमि
समीक्षा में बताया गया कि जिले के सभी नगर निकायों में एमआरएफ और कंपोस्ट पिट के लिए भूमि उपलब्ध करा दी गई है. शाहपुर नगर परिषद और नगर निगम आरा में निर्माण कार्य शुरू हो चुका है. वहीं नगर परिषद जगदीशपुर में भी जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा.
विभाग को जल्द भेजें भूमि प्रस्ताव
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि उपलब्ध भूमि का प्रस्ताव बिना विलंब विभाग को भेजना सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने का निर्देश दिया.
बैठक में नगर आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी भूमि सुधार उपसमाहर्ता, अपर नगर आयुक्त, जिला विकास शाखा और जिला राजस्व शाखा के प्रभारी पदाधिकारी, सभी नगर परिषद एवं नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारी तथा आरा, कोईलवर, गड़हनी, पीरो, जगदीशपुर, शाहपुर और बिहिया के अंचलाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
