Arrah Gun Firing Case : आरा में बुधवार की रात अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया. कोईलवर थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव के बधार के समीप हथियारबंद बदमाशों ने कोर्ट से गवाही देकर लौट रहे चाचा-भतीजा पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी. इस हमले में घायल चाचा सूरज राय को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया, जबकि भतीजा दीपक कुमार गंभीर रूप से घायल है. घायल का इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
करीब से मारी गई गोली, रास्ते में तोड़ा दम
मृतक की पहचान बबुरा थाना क्षेत्र के इंग्लिशपुर गांव निवासी 45 वर्षीय सूरज राय के रूप में हुई है. जबकि घायल भतीजे दीपक कुमार (22 वर्ष), सुदर्शन राय के पुत्र हैं. जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने उन्हें बेहद करीब से गोली मारी. एक गोली उनके सिर के पीछे लगी, जबकि दूसरी गोली पेट के दाहिने हिस्से में मारी गई. घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया.

वहीं भतीजा दीपक कुमार को दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी है. फिलहाल उसका इलाज आरा सदर अस्पताल में जारी है, जहां उसकी स्थिति पर डॉक्टरों की नजर बनी हुई है.
Gun Firing : गवाही देकर लौट रहे थे, पहले से चल रहा था विवाद
घटना के संबंध में घायल दीपक कुमार ने बताया कि वह अपने चाचा सूरज राय के साथ एक पुराने मामले में गवाही देने आरा कोर्ट गया था. गवाही देने के बाद दोनों वापस गांव लौट रहे थे. इसी दौरान धर्मपुर बधार के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया. दीपक ने बताया कि परिवार के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद को लेकर पहले भी मारपीट और अपहरण जैसी घटनाएं हो चुकी थीं. इस मामले में थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी.

Arrah News : पट्टीदारों पर लगा गंभीर आरोप
घायल दीपक कुमार ने अपने ही पट्टीदारों पर हमला कराने का आरोप लगाया है. उसने मनीष पिंटू राय और नीतीश राय का नाम लेते हुए कहा कि पूर्व के विवाद को लेकर ही इस वारदात को अंजाम दिया गया है. पुलिस इन आरोपों को गंभीरता से लेकर जांच कर रही है.

Crime News : पुलिस पहुंची मौके पर, जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-टू रंजीत कुमार सिंह, कोईलवर थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र और सर्किल इंस्पेक्टर आशीष कुमार साह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. इसके बाद सभी अधिकारी आरा सदर अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से पूरी जानकारी ली.
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी गई है. घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है.
यह वारदात पुराने जमीन विवाद की खूनी परिणति मानी जा रही है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा. फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है.
