दाढ़ी बनवाने के लिए घर से निकले थे, आरा में 14 दिन से लापता बुजुर्ग का नदी से मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

Arrah Crime : आरा के गजराजगंज ओपी क्षेत्र में 14 दिन से लापता 65 वर्षीय किसान श्याम बिहारी महतो का शव छोटकी सासाराम गांव के पास नदी से बरामद हुआ. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है. परिजनों ने पहले ही गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी.

By Nikhil Anurag | June 29, 2026 3:47 PM

आरा से मो. वसीम की रिपोर्ट
Arrah Crime : गजराजगंज ओपी क्षेत्र के बरगही गांव से 14 दिन पूर्व लापता हुए एक बुजुर्ग का शव सोमवार की सुबह छोटकी सासाराम गांव के घटवा पिपरा स्थित नदी से बरामद किया गया. शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया.

दाढ़ी बनवाने निकले थे, फिर नहीं लौटे घर

मृतक की पहचान उदवंतनगर थाना क्षेत्र के गजराजगंज ओपी अंतर्गत बरगही गांव निवासी स्व. लाल मोहर महतो के 65 वर्षीय पुत्र श्याम बिहारी महतो के रूप में हुई है. वह पेशे से किसान थे. मृतक के पुत्र तपेश्वर कुमार ने बताया कि 16 जून की सुबह उनके पिता दाढ़ी बनवाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे. परिजनों ने संबंधित दुकान पर पूछताछ की तो दुकानदार ने बताया कि दाढ़ी बनवाने के बाद वह नदी किनारे स्थित बांध के रास्ते घर के लिए निकले थे.

लापता होने की दर्ज कराई गई थी प्राथमिकी

परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका. इसके बाद 21 जून को गजराजगंज ओपी में उनके लापता होने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई. पुलिस और परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे. इसी दौरान सोमवार की सुबह छोटकी सासाराम गांव के घटवा पिपरा स्थित नदी में उनका शव मिलने की सूचना मिली. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मामले की जांच जारी है.

दाढ़ी बनवाने के लिए घर से निकले थे, आरा में 14 दिन से लापता बुजुर्ग का नदी से मिला शव, जांच में जुटी पुलिस 2

परिवार में मचा कोहराम

बताया जाता है कि श्याम बिहारी महतो दो भाई और दो बहनों में तीसरे स्थान पर थे. उनके परिवार में पत्नी चंद्रावती देवी, पुत्र तपेश्वर कुमार और पुत्री शैल कुमारी हैं. घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है. पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

इसे भी पढ़ें : आरा में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर AISA का प्रदर्शन, पेपर लीक के विरोध में रखा सामूहिक उपवास