आरा समाहरणालय में लगा कचरे का अंबार, लोगों का आरोप- कर्मियों की मनमानी से नहीं हो रही नियमित साफ-सफाई

Arrah Collectorate Cleanliness Issue : आरा समाहरणालय परिसर में गंदगी का अंबार लगा है और सफाई व्यवस्था पूरी तरह फेल नजर आ रही है. नियमित सफाई नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही है. रोजाना हजारों लोगों के आने-जाने के बावजूद हालात नहीं सुधर रहे, जिससे प्रशासन और स्वच्छता अभियान की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं.

By Ragini Sharma | July 2, 2026 1:31 PM

आरा (भोजपुर) से नरेन्द्र प्रसाद सिंह की रिपोर्ट
Arrah Collectorate Cleanliness Issue : आरा स्थित समाहरणालय परिसर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त नजर आ रही है. परिसर में जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है, लेकिन इसकी नियमित सफाई नहीं हो रही है. हैरानी की बात यह है कि जहां जिले के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी बैठते हैं, वहीं उनके सामने गंदगी का यह हाल बना हुआ है.

नियुक्त हैं सफाई कर्मी, फिर भी नहीं होती सफाई

समाहरणालय परिसर की सफाई के लिए कर्मियों की नियुक्ति तो की गई है, लेकिन उनकी कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. कर्मचारियों का कहना है कि सफाई कर्मी कभी-कभार ही नजर आते हैं. यदि सफाई होती भी है, तो वह सिर्फ खानापूर्ति तक सीमित रहती है. ऐसे में सफाई व्यवस्था पर खर्च होने वाले पैसे की उपयोगिता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.

Arrah News : रोजाना हजारों लोगों का होता है आना-जाना

समाहरणालय में रोजाना पूरे जिले से हजारों लोग अपने काम के सिलसिले में पहुंचते हैं. लेकिन परिसर में फैली गंदगी को देखकर लोगों में नाराजगी साफ झलकती है. लोगों का कहना है कि जब जिले के सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक स्थल का यह हाल है, तो अन्य जगहों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है.

आरा समाहरणालय में गंदगी का अंबार

आरा की सभी ख़बरें यहां पढ़ें

Arrah Collectorate : स्वच्छता अभियान पर उठ रहे सवाल

केंद्र और बिहार सरकार द्वारा स्वच्छता को लेकर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है. जब जिला प्रशासन का मुख्य परिसर ही साफ-सुथरा नहीं रह पा रहा है, तो स्वच्छता अभियान के प्रभाव और उसकी गंभीरता पर सवाल उठना लाजिमी है.

लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द समाहरणालय परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि आने-जाने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

Also Read : आरा में कोर्ट से गवाही देकर लौट रहे चाचा-भतीजा पर फायरिंग, चाचा की मौत, भतीजा गंभीर रूप से घायल