अररिया. भाजपा के वरिष्ठ नेता व दिल्ली के पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी अररिया से भाजपा प्रत्याशी प्रदीप कुमार सिंह के पक्ष में बुधवार को रोड शो करेंगे. मनोज तिवारी सुबह साढ़े दस बजे सिकटी प्रखंड अंतर्गत बरदाहा हाई स्कूल मैदान में हेलिकॉप्टर के माध्यम से पहुंचेंगे. इसके बाद बरदाहा चौक से अपने रोड शो की शुरुआत करेंगे जिसका समापन बरदाहा बाजार में होगा. मनोज तिवारी के साथ अररिया से भाजपा प्रत्याशी प्रदीप कुमार सिंह भी इस रोड शो में शामिल होकर लोगों से आशीर्वाद मांगेंगे. मनोज तिवारी बरदाहा चौक से रोड शो की शुरुआत करते हुए फुटानी चौक, फिर भुतहा होते हुए पहाड़ा चौक, सिकटी, कासत बाजार, उफरैल चौक, तिराखारदाह रोड होते हुए सतबेर चौक से बरदाहा बाजार तक रोड शो करेंगे. इसे लेकर पूरी तैयारी कर ली गयी है. अररिया के लोग भजोपुरी गायक व अभिनेता मनोज तिवारी को देखने व सुनने के लिए काफी उत्साहित हैं. वहीं इसे लेकर भाजपा प्रत्याशी प्रदीप कुमार सिंह ने पूरे अररिया के लोगों से इस रोड शो में उपस्थित होने का निमंत्रण दिया है.