भरगामा. प्रखंड के दर्जनों गांवों को चरैया हाट के मुख्य बाजार से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण पक्की सड़क महज कुछ महीनों में ही बदहाल स्थिति में पहुंच गयी है. मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित यह सड़क पहली ही बारिश की बौछार में क्षतिग्रस्त हो गयी. जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. सड़क के दोनों किनारों पर गहरे रेनकट बन जाने से आवागमन में कठिनाई हो रही है. ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार, यह सड़क हजारों की आबादी वाले गांवों के लिए जीवनरेखा मानी जाती है. क्योंकि इसी मार्ग से ग्रामीण बनमनखी, प्रखंड मुख्यालय भरगामा, अस्पताल, विद्यालय व अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचते हैं. लेकिन सड़क की जर्जर हालत के कारण जन जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. हालत यह हो गया है कि सड़क के नीचे की पूरी मिट्टी बह गयी है व सड़क खोखला नजर आता है, जिस पर भारी वाहन के आवागमन से वाहनों के दुर्घटना की संभावना बढ़ गयी है. स्थानीय ग्रामोंणों ने आरोप लगाया कि घटिया सामग्री का उपयोग किये जाने के कारण सड़क कई स्थानों पर टूट गयी है व जगह-जगह गहरे कटाव बन गए हैं. आवागमन का मुख्य साधन है बल्कि क्षेत्र के विकास व आर्थिक गतिविधियों के लिए भी बेहद अहम है. ऐसे में इसकी अनदेखी लोगों के जान-माल के लिए खतरा बनती जा रही है. अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक ठोस कदम उठाता है.