अररिया. होली व रमजान को शांति व सौहार्द के साथ मनाने को लेकर सदर अनुमंडल कार्यालय में बुधवार को शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में एसडीओ बलबीर दास ने कहा कि होली प्रेम व एकता का प्रतीक है. इसके साथ ही यह रमजान का महीना भी है. दोनों पर्व एक साथ आ रहे हैं. इसलिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी. एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि त्योहारों के दौरान अतिरिक्त बल तैनात किया जायेगा. संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ायी जायेगी. उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी उकसावे में न आएं व संदिग्ध गतिविधि देखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें. बैठक में सद्भावना मंच के सदस्यों व धर्मगुरुओं ने भी अपने विचार रखे. अररिया की गंगा-यमुनी तहजीब को बनाये रखने का आह्वान किया. प्रशासन ने सभी से अपील की कि होली पर रंगों का इस्तेमाल संयम से करें व रमजान में रोजेदारों के प्रति सम्मान बनाये रखें. बैठक में अररिया नप के उप मुख्य पार्षद गौतम साह, सद्भावना मंच के सदस्य जदयू नेता रजी अहमद, सचिव मो मोहसिन, वार्ड पार्षद श्याम कुमार मंडल, राजु राम, आबिद हुसैन, मंगल यादव, रंजीत पासवान, पूर्व वार्ड सह राजद नेता पार्षद कमाले हक, सामाजिक कार्यकर्ता नन्हें प्रियदर्शी, डीसीएलआर एस प्रतिक, नप इओ चंद्रारज प्रकाश, सीओ अजय कुमार, नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक सहित अन्य लोग मौजूद थे.