जोकीहाट.जोकीहाट थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात अलग-अलग गांवों में आग लगने से 11 परिवारों को बेघर कर दिया. नगर पंचायत के वार्ड संख्या- 01 काशीबाड़ी में लगी भीषण आग में 07 घर जल गये. आग की दूसरी घटना काकन पंचायत के वार्ड संख्या 10 डूबा टोला में आग लगने से चार गैर-आवासीय घर सहित मशीन, बांसबाड़ी, पुआल, भूसा, टिन व लकड़ी सहित अन्य सामान जल गये. दोनों घटनाओं में करीब 12 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है. पहली घटना काशीबाड़ी में देर रात अचानक उठी आग की लपटों ने कुछ ही मिनटों में आधा दर्जन से अधिक परिवारों के आशियाने खाक कर दिया. शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है. आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. ग्रामीणों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी, लेकिन दमकल के देर से पहुंचने पर लोगों में भारी नाराजगी देखी गयी. बताया जाता है कि उसी समय डूबा गांव में भी आग लग गई थी, जिसके कारण जोकीहाट की दमकल पहले वहीं रवाना हो गयी. ग्रामीणों के मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. लेकिन तब तक नजमुल, सउद, महमूद, मसूद, मरगूब, दबीर व भुट्टो सहित कई परिवारों के घरों में रखा अनाज, नगदी, आभूषण व कपड़े जल गये. वहीं डूबा गांव में भी आग से कई परिवारों के घर व सामान नष्ट हो गए। दोनों गांवों में अगलगी के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है . घटना की सूचना मिलते ही अंचल अधिकारी सह बीडीओ दुर्गेश कुमार ने हल्का कर्मचारी को मौके पर भेजकर क्षति आकलन रिपोर्ट मांगा है. उधर मुख्य पार्षद प्रतिनिधि शकूर आलम व वार्ड पार्षद फैसल उर्फ मिक्कू ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए प्रशासन से नाराजगी जताई व पीड़ित परिवारों को अविलंब सरकारी सहायता व राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है.