Shashank Singh Cook Allegations: आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले क्रिकेटर शशांक सिंह और उनके पिता, मध्य प्रदेश के पूर्व विशेष पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) शैलेश सिंह कानूनी विवाद में घिर गए हैं. दोनों के खिलाफ भोपाल के रातीबड़ थाने में एफआईआर दर्ज की गई है.
शिकायतकर्ता विपेंद्र सिंह तोमर ने आरोप लगाया है कि उन्हें शैलेश सिंह के घर पर रसोइए (कुक) के रूप में काम पर रखा गया था. उनका दावा है कि परिवार को खाना पसंद नहीं आने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और जब उन्होंने नौकरी छोड़ने की बात कही तो उन्हें ऐसा करने से रोका गया.
कुक ने लगाए गंभीर आरोप
31 वर्षीय विपेंद्र सिंह तोमर का कहना है कि उन्हें रीवा से भोपाल लाया गया था और नौकरी के साथ भविष्य में सरकारी नौकरी दिलाने का आश्वासन भी दिया गया था. उनके अनुसार उन्हें 15 हजार रुपये मासिक वेतन, भोजन और रहने की सुविधा देने की बात कही गई थी. तोमर ने आरोप लगाया कि उनसे लगातार काम कराया जाता था और घर के अन्य कर्मचारियों के साथ भी दुर्व्यवहार होता था. उन्होंने कहा कि जब उन्होंने नौकरी छोड़ने की इच्छा जताई तो उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया और उन्हें घर से बाहर नहीं जाने दिया गया.
मारपीट का भी आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, डर के कारण वह एक कमरे में बंद हो गए थे. उनका आरोप है कि बाद में शैलेश सिंह, शशांक सिंह और एक ड्राइवर कमरे में पहुंचे और उनके साथ मारपीट की. तोमर का कहना है कि इस घटना में उनके चेहरे और शरीर पर चोटें आईं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद उनका मोबाइल फोन वापस नहीं किया गया.
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
पुलिस ने शिकायतकर्ता और अन्य गवाहों के बयान दर्ज करने के बाद मामला दर्ज किया है. एफआईआर में शैलेश सिंह, शशांक सिंह और एक अन्य कर्मचारी को आरोपी बनाया गया है. फिलहाल मामले की जांच जारी है. अभी तक तक शशांक सिंह या उनके परिवार की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
यह भी पढ़ें: आयरलैंड से सीरीज हारते ही सूर्या का पोस्ट वायरल, जीत की तस्वीर शेयर कर कसा तंज!
