Rajiv Shukla on Vaibhav Sooryavanshi: इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम के लिए डेब्यू करने वाले वैभव सूर्यवंशी को लेकर बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने टीम मैनेजमेंट के फैसले का समर्थन किया है. उन्होंने कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) में खिलाड़ियों को मौके योग्यता के आधार पर मिलते हैं और किसी के साथ अन्याय नहीं किया जाता.
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में राजीव शुक्ला ने कहा, “वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू और यह अवसर मिलने पर बहुत-बहुत बधाई. बीसीसीआई किसी के साथ अन्याय नहीं करता. जो खिलाड़ी इसके हकदार होते हैं, उन्हें मौका जरूर मिलता है.”
#WATCH | Delhi | On Vaibhav Sooryavanshi's India debut, Congress MP Rajiv Shukla says, "Huge congratulations to Vaibhav Suryavanshi on his debut and for receiving this opportunity. The BCCI does not treat anyone unfairly; those who deserve it get their chance. There was a lot of… pic.twitter.com/Xd2MEGie32
— ANI (@ANI) July 5, 2026
उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही उन चर्चाओं को भी खारिज किया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि वैभव को मौका नहीं दिया जा रहा है. शुक्ला ने कहा कि कुछ लोग कोच और कप्तान की आलोचना कर रहे थे, लेकिन टीम मैनेजमेंट सही समय का इंतजार कर रहा था.
उन्होंने कहा, “मैंने कुछ दिन पहले भी कहा था कि जब सही समय आएगा, वैभव को जरूर मौका मिलेगा. कल उन्हें मौका मिला और मुझे विश्वास है कि वह भविष्य में अच्छा प्रदर्शन करेंगे तथा भारतीय टीम में अपनी पहचान बनाएंगे. यह टीम मैनेजमेंट का शानदार फैसला है और इसकी सराहना की जानी चाहिए.”
सबसे कम उम्र में भारत के लिए डेब्यू
15 साल और 99 दिन की उम्र में वैभव सूर्यवंशी भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं. इसके साथ ही वह किसी टेस्ट खेलने वाले देश की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बन गए.
वैभव ने इस मामले में सचिन तेंदुलकर और पीयूष चावला जैसे खिलाड़ियों के रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए. सचिन ने भारत के लिए 16 साल 205 दिन की उम्र में टेस्ट डेब्यू किया था, जबकि पीयूष चावला ने 17 साल 75 दिन की उम्र में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था.
डेब्यू मैच में दिखाया दम
मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में वैभव ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की. उन्होंने 10 गेंदों पर 14 रन बनाए, जिसमें दो शानदार छक्के शामिल थे. हालांकि बाद में वह विल जैक्स की गेंद पर स्टंप आउट हो गए.
मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 190/7 का स्कोर बनाया. जवाब में जैकब बेथेल की नाबाद 76 रन की पारी की बदौलत इंग्लैंड ने 19 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. पहला मुकाबला बारिश के कारण धुल गया था.
यह भी पढ़ें: ‘महंगाई समझनी है तो बिश्नोई का ओवर देखो’, विदेशी क्रिकेट बोर्ड ने लिए मजे
