FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप चरण का रोमांचक सफर खत्म हो चुका है और अब नॉकआउट दौर की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है. 32 टीमों ने अंतिम चरण के लिए क्वालिफाई कर लिया है, लेकिन ड्रॉ और ब्रैकेट को देखने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा अर्जेंटीना के रास्ते को लेकर हो रही है.
डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने तीनों मुकाबले जीते. कप्तान लियोनेल मेसी ने भी बेहतरीन फॉर्म दिखाते हुए छह गोल दागे और टीम को लगातार जीत दिलाई. अब नॉकआउट चरण में अर्जेंटीना को अपेक्षाकृत आसान ड्रॉ मिला है, जिससे उसकी फाइनल तक पहुंचने की संभावनाएं काफी मजबूत मानी जा रही हैं.
केप वर्डे से होगी शुरुआत
राउंड ऑफ 32 में अर्जेंटीना का मुकाबला केप वर्डे से होगा. केप वर्डे ने इस टूर्नामेंट में कई चौंकाने वाले नतीजे दिए हैं, लेकिन मेसी की टीम को हराना उसके लिए अब तक की सबसे बड़ी चुनौती होगी. अगर अर्जेंटीना यह मुकाबला जीतती है तो अगले दौर में उसका सामना ऑस्ट्रेलिया और मिस्र के बीच होने वाले मैच के विजेता से हो सकता है. दोनों टीमों ने किसी तरह नॉकआउट में जगह बनाई है और कागजों पर अर्जेंटीना उनसे कहीं ज्यादा मजबूत नजर आती है.
क्वार्टर फाइनल तक राह आसान
क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना का संभावित मुकाबला स्विट्जरलैंड, कोलंबिया, घाना या अल्जीरिया में से किसी एक टीम से हो सकता है. इन सभी टीमों ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन मौजूदा फॉर्म को देखते हुए अर्जेंटीना को यहां भी फेवरेट माना जा रहा है.
सेमीफाइनल में मिल सकती है बड़ी चुनौती
अर्जेंटीना के लिए असली परीक्षा सेमीफाइनल में आ सकती है, जहां उसका सामना ब्राजील, इंग्लैंड, नॉर्वे या आइवरी कोस्ट जैसी मजबूत टीमों से हो सकता है. हालांकि फुटबॉल में उलटफेर की संभावना हमेशा रहती है और पनामा या इक्वाडोर जैसी टीमें भी बड़ा झटका दे सकती हैं.
दूसरी तरफ फंसे दिग्गज
वर्ल्ड कप ब्रैकेट की दूसरी तरफ पुर्तगाल, स्पेन, जर्मनी और फ्रांस जैसी बड़ी टीमें मौजूद हैं. ऐसे में इनमें से कई दिग्गज टीमों का सफर फाइनल से पहले ही खत्म हो सकता है. फुटबॉल प्रशंसकों के लिए सबसे बड़ा झटका यह रहा कि अर्जेंटीना और पुर्तगाल अलग-अलग हिस्सों में हैं, जिससे लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो की संभावित भिड़ंत अब सिर्फ फाइनल में ही संभव है.
यह भी पढ़ें: 39 की उम्र में मेसी का जलवा, जादुई फ्री-किक का देखें VIDEO
