School Holiday : अब सीधे 16 जून को खुलेंगे स्कूल, जानें वजह

School Holiday : छत्तीसगढ़ के स्कूलों में 20 अप्रैल से 15 जून तक गर्मी की छुट्टियां रहेंगी. बढ़ती गर्मी और तेज तापमान को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि बच्चों को राहत मिल सके.

By Amitabh Kumar | April 19, 2026 7:19 AM

School Holiday : छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों में 20 अप्रैल से 15 जून तक गर्मी की छुट्टियां घोषित कर दी हैं. अधिकारियों ने बताया कि बच्चों की सेहत को ध्यान में रखकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छुट्टियों की तारीख में बदलाव किया गया है, ताकि भीषण गर्मी में बच्चों को राहत मिल सके. पहले छुट्टी 1 मई से तय थी. 19 अप्रैल को रविवार होने के कारण बच्चों की छुट्टी आज से ही शुरू हो गई है.

सरकारी, प्राइवेट सभी स्कूलों में लागू होगा फैसला

स्कूल शिक्षा विभाग ने नया आदेश जारी कर बताया कि पहले 1 मई से 15 जून तक छुट्टियां थीं, लेकिन अब इन्हें बदलकर 20 अप्रैल से 15 जून कर दिया गया है. विभाग ने साफ किया कि यह फैसला छत्तीसगढ़ के सभी सरकारी, प्राइवेट और सहायता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा.

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्या कहा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य में बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए बच्चों की सेहत सबसे जरूरी है. इसी वजह से सरकार ने पहले तय तारीख से छुट्टियां जल्दी शुरू करने का फैसला लिया है. अब स्कूलों में 20 अप्रैल से 15 जून तक गर्मी की छुट्टियां रहेंगी, ताकि बच्चों को इस भीषण गर्मी से राहत मिल सके.

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक्स पर दी जानकारी

तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार

अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है. रायपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि 19 अप्रैल को बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में लू की स्थिति बनी रहने की आशंका है. केंद्र के अनुसार, अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है.