संजय राउत का आरोप: राम मंदिर के पैसे से खरीदे गए सांसद और विधायक

अयोध्या राम मंदिर में दान गबन के मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले पर शिवसेना (यूबीटी) का रिएक्शन सामने आया है. देखें संजय राउत ने क्या कहा.

By Amitabh Kumar | June 26, 2026 11:38 AM

राम मंदिर दान गबन मामले में आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि इस मामले के असली दोषी अभी भी ट्रस्ट में काम कर रहे हैं. राउत ने आरोप लगाया कि मंदिर के नाम पर करोड़ों रुपये की चोरी हुई और यह पैसा राजनीति में इस्तेमाल किया गया. उनके मुताबिक, इसी पैसे का इस्तेमाल सांसदों को खरीदने और राजनीतिक दलों में टूट कराने के लिए किया गया. उन्होंने दावा किया कि राम मंदिर के 2000 करोड़ रुपये का इस्तेमाल टीएमसी और शिवसेना (यूबीटी) के सांसदों को तोड़ने में किया गया. देखें संजय राउत का वीडियो जिसे न्यूज एजेंसी पीटीआई ने एक्स पर शेयर किया है.

इससे पहले संजय राउत ने एक्स पर उद्धव ठाकरे की तस्वीर शेयर की.  तस्वीर शेयर करते हुए उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अयोध्या राम मंदिर निर्माण के लिए शिवसेना की ओर से दान की गई 4 किलो चांदी की ईंट आखिर कहां गई? उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे ने हजारों शिवसैनिकों और संतों की मौजूदगी में 1 करोड़ रुपये के साथ यह चांदी की ईंट भी भेंट की थी. राउत का दावा है कि इतने साल बीत जाने के बाद भी ट्रस्ट की ओर से न तो कोई रसीद दी गई और न ही कोई जानकारी. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय करने की मांग की.

यह भी पढ़ें : राम मंदिर दान चोरी कांड में बड़ी कार्रवाई, FIR के कुछ घंटे बाद 8 आरोपी गिरफ्तार