राघव चड्ढा क्या बनाएंगे Gen-Z की नई पार्टी? AAP से तनातनी के बीच आगे क्या है प्लान

Gen-Z Party : राघव चड्ढा ने साफ तौर पर हां या ना नहीं कहा, लेकिन इतना जरूर बोले कि अपनी पार्टी बनाने का आइडिया उन्हें दिलचस्प लगता है और इस पर सोचा जा सकता है. वीडियो में देखें उन्हें क्या सलाह दी गई.

By Amitabh Kumar | April 9, 2026 5:11 PM

Gen-Z Party : आम आदमी पार्टी से चल रही तनातनी के बीच अब राघव चड्ढा के आगे के कदम को लेकर खूब चर्चा हो रही है. राज्यसभा में डिप्टी लीडर पद से अचानक हटाए जाने के बाद अटकलें तेज हो गई हैं कि वह अपनी नई पार्टी बना सकते हैं. वे अलग राह चुन सकते हैं. राघव चड्ढा के एक इंस्टाग्राम रील शेयर करने के बाद चर्चा और तेज हो गई. इससे लोगों को लगा कि वह अब “Gen-Z” पार्टी बनाने की तैयारी कर सकते हैं.

इंस्टाग्राम यूजर ‘seedhathok’ ने रील में कहा कि राघव चड्ढा को अभी मिल रहे सपोर्ट को देखते हुए उन्हें अपनी नई पार्टी बनाने पर गंभीरता से विचार करना चाहिए. यूजर ने कहा कि अभी माहौल ऐसा है कि लोग चाहते हैं राघव चड्ढा अपनी “Gen-Z” या किसी और नाम से नई पार्टी बनाएं. अगर वो किसी दूसरी पार्टी में गए तो शायद इतना सपोर्ट न मिले, बल्कि विरोध भी झेलना पड़े. इसलिए अपनी पार्टी बनाना बेहतर रहेगा, इससे उन्हें युवाओं का साथ मिलेगा और वो एकतरफा जीत भी हासिल कर सकते हैं.

राघव चड्ढा का बीजेपी पर नरम रुख

AAP से तनातनी और पार्टी की तरफ से ये आरोप लगने के बाद कि राघव चड्ढा बीजेपी पर नरम रुख अपना रहे हैं, अब कयास लगाए जा रहे हैं कि वह बीजेपी में शामिल हो सकते हैं. आप और राघव चड्ढा के बीच एक बड़ा विवाद यह भी रहा कि उन पर आरोप लगा कि उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लाए गए महाभियोग प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया था.

यह भी पढ़ें : AAP में अंदरूनी कलह तेज, राघव चड्ढा बोले- ये तो ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है

AAP के नेताओं सौरभ भारद्वाज और आतिशी ने भी इस कदम पर सवाल उठाए. उनका कहना है कि राघव चड्ढा पीएम मोदी और बीजेपी से सवाल पूछने से डर रहे हैं.