‘खामोश हुआ हूं, हारा नहीं’, राघव चड्ढा बोले- आम आदमी की बात करने से रोक रही पार्टी

Raghav Chadha: राघव चड्ढा ने अपनी ही पार्टी आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें संसद में जनता के मुद्दे उठाने से रोका जा रहा है. डिप्टी लीडर पद से हटने के बाद उनका यह बयान सामने आया है. इससे पार्टी में अंदरूनी विवाद की चर्चा तेज हो गई है.

By Paritosh Shahi | April 3, 2026 12:57 PM

Raghav Chadha: राघव चड्ढा ने अपनी ही आप पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि उन्हें जनता से जुड़े मुद्दे उठाने से रोका जा रहा है. यह बयान ऐसे समय में आया है जब हाल ही में पार्टी ने उन्हें राज्यसभा में डिप्टी लीडर के पद से हटा दिया है.

वीडियो संदेश में क्या कहा

राघव चड्ढा पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं और उनका कार्यकाल 2022 से 2028 तक है. उन्होंने अपने संदेश में कहा, “मुझे चुप कराया गया है, लेकिन मैं हारा नहीं हूं.” उनका कहना है कि उनकी आवाज दबाने की कोशिश हो रही है, लेकिन वह आम लोगों के मुद्दे उठाते रहेंगे.

वीडियो में उन्होंने बताया कि अब तक उन्होंने संसद में कई जरूरी मुद्दे उठाए हैं. जैसे एयरपोर्ट पर महंगे खाने की समस्या, ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनियों जैसे स्विग्गी और जोमैटो के डिलीवरी बॉयज की दिक्कतें, बैंकिंग सेक्टर की परेशानियां और टोल प्लाजा पर लोगों को होने वाली समस्याएं. उनका कहना है कि ये सब आम आदमी से जुड़े मुद्दे हैं और इन्हें उठाना जरूरी है.

राघव बोले- पता नहीं क्यों, आवाज दबाने की हो रही कोशिश

राघव चड्ढा का आरोप है कि उनकी ही पार्टी उन्हें ऐसे मुद्दों पर बोलने से रोक रही है. उन्होंने कहा कि यह समझ नहीं आता कि जो पार्टी खुद को आम आदमी की आवाज बताती है, वही अब उनकी आवाज दबाने की कोशिश क्यों कर रही है. उनका यह भी दावा है कि संसद में उन्हें सवाल पूछने और बोलने का मौका न देने के निर्देश दिए गए हैं.

इस पूरे मामले के सामने आने के बाद राजनीति में हलचल बढ़ गई है. लोग इसे पार्टी के अंदर चल रहे मतभेद के रूप में देख रहे हैं. हालांकि अभी तक पार्टी की तरफ से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.

इसे भी पढ़ें: बिहार में जाति, इनकम और निवास प्रमाण पात्र बनाने के बदले नियम, देखिये लेटेस्ट अपडेट

अमित शाह पर तृणमूल का पलटवार,कहा- दम है तो चुनाव परिणाम के बाद भी बंगाल में रुककर दिखायें