जोधपुर को मिली उड़ान, पीएम मोदी ने 480 करोड़ के नए एयरपोर्ट टर्मिनल का किया उद्घाटन
PM Narendra Modi :PM Narendra Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोधपुर हवाई अड्डे के 480 करोड़ रुपये से बने नए अत्याधुनिक टर्मिनल का उद्घाटन किया. राजस्थानी संस्कृति से प्रेरित यह टर्मिनल सालाना 20 लाख यात्रियों को सेवा देगा. इसके साथ ही संशोधित UDAN योजना की शुरुआत हुई, जिससे क्षेत्रीय हवाई संपर्क, पर्यटन, व्यापार और रोजगार को अगले 10 वर्षों में बढ़ावा मिलेगा.
PM Narendra Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के जोधपुर हवाई अड्डे पर बने नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया. एएनआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर इस आधुनिक टर्मिनल को राष्ट्र को समर्पित किया. इस दौरान राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी मौजूद रहे.
480 करोड़ की लागत से बना नया टर्मिनल
यह टर्मिनल भवन करीब 480 करोड़ रुपये की लागत से बना है,जो 23 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैला है. इसकी क्षमता हर साल लगभग 20 लाख यात्रियों को संभालने की है. यहां यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक तकनीक और बेहतर इंतजाम किए गए हैं.
राजस्थानी संस्कृति की झलक
इस टर्मिनल का डिजाइन राजस्थान की शाही विरासत से प्रेरित है. इसमें मेहराब, झरोखे और पारंपरिक वास्तुकला को आधुनिक सुविधाओं के साथ जोड़ा गया है.नए भवन में ऊर्जा बचाने वाली तकनीक, जल संरक्षण और हरित निर्माण जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं. इसे फाइव-स्टार GRIHA रेटिंग दिलाने का लक्ष्य रखा गया है.
पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
केंद्र सरकार का कहना है कि इस नए टर्मिनल से जोधपुर और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. इससे यात्रियों को भी पहले से अधिक सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में खत्म हुआ ‘वर्क फ्रॉम होम’, सीएम रेखा गुप्ता ने वापस लिया फैसला
UDAN योजना का नया चरण शुरू
इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने संशोधित उड़ान (UDAN) योजना की भी शुरुआत की. इस योजना का उद्देश्य देश के छोटे शहरों को हवाई सेवाओं से जोड़ना और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करना है.
10 साल में बदलेगी विमानन तस्वीर
केंद्र सरकार ने इस योजना के लिए 28,840 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है. अगले 10 वर्षों में देशभर में नए हवाई मार्ग और बेहतर कनेक्टिविटी विकसित की जाएगी, ताकि “उड़े देश का आम नागरिक” का सपना और साकार हो सके.
यह भी पढ़ें- राम मंदिर चंदा मामले में RSS की पहली प्रतिक्रिया, होसबाले ने कहा-हिंदू समाज धैर्य बनाए रखे
