पहलगाम आतंकवादी हमले की बरसी: कश्मीर में बढ़ाई गई सुरक्षा, QR कोड स्कैनिंग सिस्टम शुरू

Pahalgam Terror Attack: कश्मीर के पहलगाम में पिछले साल 22 अप्रैल को लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों ने पर्यटकों पर गोलीबारी की थी. जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई थी. आतंकवादी घटना का एक साल पूरा होने वाला है. पहली बरसी से पहले कश्मीर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.

By ArbindKumar Mishra | April 19, 2026 8:13 PM

Pahalgam Terror Attack: हमले की पहली बरसी के मद्देनजर घाटी के पर्यटक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. सभी सुरक्षा एजेंसियों को पर्यटन स्थलों के आसपास, किसी भी संभावित विध्वंसक गतिविधि के प्रति सतर्क रहने के लिए कहा गया है.

पहलगाम में QR कोड स्कैनिंग सिस्टम शुरू

पहलगाम रिजॉर्ट में पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई नए उपाय लागू किए गए हैं. पहलगाम में एक QR कोड स्कैनिंग सिस्टम शुरू किया. यह डिजिटल पहल पर्यटकों, सेवा देने वालों और स्थानीय व्यवसायों का रियल-टाइम वेरिफिकेशन करने में मदद करती है, जिससे बेहतर निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित होती है. यह सिस्टम पोनी की सवारी कराने वालों, फेरीवालों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के साथ-साथ बाहरी विक्रेताओं सहित वास्तविक और पंजीकृत सेवा प्रदाताओं की आसान पहचान और सत्यापन को सक्षम बनाती है.

सर्विस प्रोवाइडर की हो रही पुलिस जांच

प्रत्येक सर्विस प्रोवाइडर की पुलिस जांच की जा रही है, अधिकारियों ने उनका पंजीकरण कराया है और उन्हें एक विशिष्ट क्यूआर कोड प्रदान किया गया है जिसमें उस व्यक्ति के बारे में व्यक्तिगत जानकारी और अन्य विवरण दर्ज हैं. पर्यटक अपने मोबाइल फोन से कोड को स्कैन करके संबंधित व्यक्ति के बारे में पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.

क्यूआर कोड में क्या-क्या रहेगी जानकारी?

क्यूआर कोड में सेवा प्रदाता का नाम, पिता का नाम, विस्तृत पता, मोबाइल नंबर, आधार संख्या, पंजीकरण संख्या, परिचालन मार्ग और पुलिस द्वारा सत्यापित होने या न होने की जानकारी शामिल होती है.