मुंबई Rain Alert: भारी बारिश से कुर्ला में एक की मौत, बाल-बाल बचा अंबानी का काफिला

Mumbai Rain Red Alert: महाराष्ट्र में पिछले 48 घंटों से जारी मूसलधार बारिश ने राज्य के कई प्रमुख शहरों में तबाही मचाई है. मुंबई, पुणे और ठाणे में जलभराव, पेड़ गिरने और इमारतें ढहने की कई गंभीर घटनाएं सामने आई हैं. मुंबई में जहां एक बुजुर्ग की जान चली गई, वहीं ठाणे में दो लोग घायल हो गए हैं. मौसम विभाग (IMD) ने स्थिति को देखते हुए 'रेड अलर्ट' जारी किया है और लोगों से बेहद जरूरी होने पर ही घर से निकलने की अपील की है.

By ArbindKumar Mishra | July 5, 2026 2:50 PM

Mumbai Rain Red Alert: मुंबई के कुर्ला इलाके में भारी बारिश के बीच एक दुकान पर विशालकाय पेड़ गिर गया. इस हादसे में दुकान के पास मौजूद एक 63 वर्षीय बुजुर्ग की मलबे में दबने से मौत हो गई. पिछले 24 घंटों में मुंबई के कई इलाकों में 200 मिलीमीटर से अधिक, जबकि कुछ संवेदनशील स्थानों पर 300 mm से भी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है. BMC ने नागरिकों को सतर्क रहने और केवल आपातकालीन स्थिति में ही घरों से बाहर निकलने की हिदायत दी है.

मुकेश अंबानी के सुरक्षा काफिले के सामने गिरा पेड़

पुलिस ने बताया कि रविवार को मुंबई में हुई भारी बारिश के दौरान, पश्चिमी उपनगर में उद्योगपति मुकेश अंबानी के सुरक्षा काफिले के सामने एक पेड़ गिर गया, जिससे कुछ देर के लिए ट्रैफिक बाधित हुआ.

पुणे: आवासीय सोसायटी की दीवार ढही, 14 वाहन क्षतिग्रस्त

रविवार करीब 3 बजे कात्रज के जंभुलवाडी मार्ग पर स्थित एक आवासीय सोसायटी की बाहरी सुरक्षा दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई. यह दीवार वाहनों की पार्किंग के लिए बने ढांचे पर गिरी, जिससे वहां पार्क किए गए 7 चार पहिया और 7 दो पहिया वाहन (कुल 14 वाहन) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ.

ठाणे और नवी मुंबई: इमारत के हिस्से गिरने से हड़कंप, दो घायल

ठाणे जिले में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (RDMC) को जलभराव और पेड़ गिरने की 93 से अधिक शिकायतें मिली हैं. कल्याण, भिवंडी, उल्हासनगर, डोंबिवली और नवी मुंबई के निचले इलाके पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं.

45 साल पुराना ‘तिवारी भवन’ ढहा

ठाणे के वागले एस्टेट स्थित किसान नगर में शनिवार रात एक बड़ा हादसा हो गया. यहां 45 वर्ष पुरानी दो मंजिला इमारत ‘तिवारी भवन’ की पहली मंजिल का एक हिस्सा ढह गया. रास्ते से गुजर रहे नूरी इस्लाम शेख (65) और सुरेश थापा (36) मलबे की चपेट में आने से घायल हो गए. प्रशासन ने एहतियातन पूरी इमारत को खाली कराकर निवासियों को टीएमसी स्कूल के राहत शिविर में शिफ्ट कर दिया है.

नवी मुंबई में बालकनी का स्लैब गिरा

एक अन्य घटना में नवी मुंबई के बेलापुर (शाहबाज गांव) स्थित पांच मंजिला ‘अविघ्न सहकारी आवासीय सोसाइटी’ की पहली मंजिल की बालकनी का स्लैब गिर गया. किसी के हताहत होने से पहले ही एनएमएमसी (NMMC) ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी 17 फ्लैट्स को खाली करा लिया और पूरी बिल्डिंग को सील कर दिया है. विस्थापितों को वारकरी भवन में सुरक्षित पहुंचाया गया है.

ये भी पढ़ें: मुंबई में बारिश का कहर, IMD का रेड अलर्ट; जलभराव से सड़क यातायात और विमान सेवाएं प्रभावित