मुंबई भारी बारिश: सड़क पर चलते-चलते अचानक गायब हो गया शख्स, खौफनाक मैनहोल हादसे में 4 सस्पेंड

Mumbai Rain: मुंबई में प्रशासन की एक लापरवाही ने एक बेगुनाह की जान ले ली. मुंबई में जारी 'रेड अलर्ट' और मूसलधार बारिश के बीच खुले मैनहोल में गिरने से 55 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई. यह हादसा तब हुआ जब जलभराव के दौरान सेफ्टी ग्रेट (सुरक्षा जाली) लगाने के लिए मैनहोल को खुला छोड़ दिया गया था.

By ArbindKumar Mishra | July 2, 2026 6:21 PM

Mumbai Rain: बीएमसी (BMC) कमिश्नर अश्विनी भिड़े ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है. वहीं, वार्ड ऑफिसर, असिस्टेंट इंजीनियर (AE), सब-इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर (JE) समेत चार अधिकारियों को तुरंत सस्पेंड कर दिया गया है.

टेम्पो के पास से गुजरते हुए अचानक गायब हो गया शख्स, ऐसे हुआ हादसा

बताया जा रहा है, मोबाइल फोन पर बात करते समय व्यक्ति अनजाने में उसमें गिर गया. खैरानी रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दिखा कि असलम इस्हाक शेख नामक व्यक्ति एक टेम्पो के पास से गुजरते हुए अचानक गायब हो गया.

ये भी पढ़ें: दिल्ली में मानसून की पहली बारिश, उमस और गर्मी से मिली राहत

मेयर का फूटा गुस्सा: ‘वार्ड ऑफिसर पर दर्ज हो गैर-इरादतन हत्या का केस’

घटना पर गहरा दुख जताते हुए मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने प्रशासन को आड़े हाथों लिया. मेयर ने कहा, “यह घटना बेहद दुखद और प्रशासनिक विफलता का नतीजा है. जब 2 साल पहले ही सेफ्टी ग्रेट लगाने का कॉन्ट्रैक्ट दिया जा चुका था, तो प्रशासन ने पूरी गर्मी क्या किया? भारी बारिश और रेड अलर्ट के दौरान मैनहोल खोलने का काम बिल्कुल नहीं किया जाना चाहिए था. पानी जमा होने के कारण पैदल चल रहे शख्स को खुला मैनहोल नहीं दिखा.” मेयर ने आगे कहा कि उन्होंने मानसून से पहले ही काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए थे. उन्होंने मांग की है कि इस लापरवाही के मुख्य जिम्मेदार वार्ड ऑफिसर पर गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए. पीड़ित परिवार के लिए मेयर ने 10 लाख रुपये के मुआवजे का एलान किया है.

तेज बहाव में बह गया था शव, अगले मैनहोल से निकाला बाहर

फायर डिपार्टमेंट के अधिकारी एबी सोनावणे ने बताया कि दोपहर करीब 12:35 बजे सीवर लाइन में हादसे की सूचना मिली थी. जब रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, तो पता चला कि एक व्यक्ति मैनहोल के अंदर गिर चुका है. गंदे पानी का बहाव इतना तेज था कि वह बह गया. इसके बाद टीम ने आगे का अगला मैनहोल खोलकर तलाशी अभियान चलाया, तब जाकर शख्स को बाहर निकाला जा सका. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

ये भी पढ़ें: VIDEO: सड़कें बनीं झील, तैरती दिखीं कारें; भारी बारिश से मुंबई का हाल बेहाल, एक की मौत