विपक्ष ने एलपीजी संकट पर संसद परिसर में किया प्रदर्शन, कहा- एम्पिटी सिलेंडर, एम्पिटी प्रॉमिसेस

LPG Crisis : विपक्षी दलों के सांसदों ने देश में एलपीजी के संकट को लेकर बुधवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया.

By ArbindKumar Mishra | March 25, 2026 11:55 AM

LPG Crisis : विपक्षी सांसदों ने एक बड़ा बैनर ले रखा था जिस पर एम्पिटी सिलेंडर, एम्पिटी प्रॉमिसेस (खाली सिलेंडर, खोखले वादे) लिखा हुआ था. विपक्षी दलों ने मोदी जी, एलपीजी के नारे भी लगाए. विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP) की नेता सुप्रिया सुले, समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेन्द्र यादव और कई अन्य दलों के सांसद इसमें शामिल हुए.

विपक्ष ने एलपीजी पर संसद में चर्चा की मांग की

विपक्षी दल पश्चिम एशिया संकट और देश में ईंधन की कथित किल्लत को लेकर संसद में विस्तृत चर्चा की मांग कर रहे हैं. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की विदेश नीति को अपनी निजी विदेश नीति बना लिया है. यह जगहंसाई बन गई है. राहुल ने कहा- वह वही करेंगे जो अमेरिका और इजराइल कहेंगे. राहुल गांधी ने दावा किया है कि आने वाले समय में एलपीजी, पेट्रोल को लेकर समस्या आएगी.

सरकार ने पश्चिम एशिया संकट पर आज शाम सर्वदलीय बैठक बुलाई

सरकार ने पश्चिम एशिया संकट पर चर्चा करने के लिए आज सर्वदलीय बैठक बुलाई है. बैठक शाम पांच बजे से होगी. बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कर सकते हैं और विदेश मंत्री एस जयशंकर के भी इसमें मौजूद रहने की उम्मीद है. हालांकि बैठक में राहुल गांधी नहीं रह पाएंगे. उन्होंने कहा- वह सर्वदलीय बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे, क्योंकि उनका केरल में एक कार्यक्रम पहले तय है.