कमर्शियल सिलेंडर की कमी, बंद होने लगे होटल

LPG Crisis : महाराष्ट्र और कर्नाटक में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को बहुत बड़ा संकट झेलना पड़ रहा है. कमर्शियल LPG सिलेंडर की कमी से कुछ ही दिनों में रेस्टोरेंट बंद होने का खतरा मंडरा रहा है. ईरान और अमेरिका-इजरायल की जंग से जियोपॉलिटिकल टेंशन के बाद ग्लोबल सप्लाई की दिक्कतें आ रहीं हैं.

By Amitabh Kumar | March 10, 2026 9:51 AM

LPG Crisis : कमर्शियल LPG सिलेंडर की अचानक कमी से पूरे हॉस्पिटैलिटी सेक्टर (होटल और रिसॉर्ट जैसे सेक्टर) खतरे में दिख रहे हैं. महाराष्ट्र और कर्नाटक में रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर सप्लाई ठीक नहीं हुई तो कुछ ही दिनों में खाने की दुकानें पूरी तरह से बंद हो सकती हैं.

इस बीच खबर है कि गैस सप्लाई नहीं होने की वजह से मुंबई के 20% होटल बंद हो गए हैं. लोकमत की खबर के अनुसार, ईरान और इजरायल वॉर का असर मुंबई पर पड़ा है. करीब  20% होटल कमर्शियल LPG सिलेंडर की कमी की वजह से बंद हो गए हैं. अगले तीन दिन में इनकी संख्या बढ़ सकती है. सप्लाई नहीं होने की वजह से करीब 50 प्रतिशत होटल बंद हो सकते हैं.

बेंगलुरु में भी नजर आ रहा असर

बेंगलुरु में होटल और रेस्तरां 10 मार्च से पूरी तरह से प्रभावित हो सकते हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति अचानक पूरी तरह बंद हो गई है. बैंगलोर होटल एसोसिएशन की ओर से इसकी जानकारी  दी गई है. एसोसिएशन ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि गैस की आपूर्ति बंद होने के कारण मंगलवार से होटल बंद रहेंगे. होटल कारोबार एक जरूरी सेवा है. इसके बंद होने से आम जनता, स्टूडेंट के अलावा कई लोगों पर इसका असर पड़ेगा जो अपने रोज के खाने के लिए होटलों पर निर्भर हैं.

यह भी पढ़ें : LPG सिलेंडर बुकिंग का बदला नियम, अब 25 दिन से पहले नहीं मिलेगी दूसरी रिफिल

घरेलू एलपीजी की सप्लाई को प्राथमिकता

गैस सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए सरकार ने एलपीजी बुकिंग के नियम सख्त कर दिए हैं. मिडिल ईस्ट ( वह इलाका जहां तेल और गैस के बड़े भंडार हैं) में चल रहे संकट के बीच यह फैसला लिया गया. अब एक सिलेंडर लेने के बाद दूसरा सिलेंडर कम से कम 25 दिन बाद ही बुक किया जा सकेगा. सरकार ने रिफाइनरियों से कहा है कि वे गैस का उत्पादन बढ़ाएं और कमर्शियल सिलेंडरों की बजाय घरेलू एलपीजी की सप्लाई को प्राथमिकता दें, ताकि आम लोगों को गैस की कमी न हो.

Disclaimer: शेयर बाजार से संबंधित किसी भी खरीद-बिक्री के लिए प्रभात खबर कोई सुझाव नहीं देता. हम बाजार से जुड़े विश्लेषण मार्केट एक्सपर्ट्स और ब्रोकिंग कंपनियों के हवाले से प्रकाशित करते हैं. लेकिन प्रमाणित विशेषज्ञों से परामर्श के बाद ही बाजार से जुड़े निर्णय करें.