ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई की मौत के बाद भारत के इस इलाके में हुआ प्रदर्शन

Khamenei Dead : ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई की मौत के विरोध में कश्मीर में प्रदर्शन किया गया. इसका वीडियो सामने आया है. इसमें नजर आ रहा है कि लोग लाल चौक के पास जमा हुए हैं. नीचे देखें प्रदर्शन का वीडियो.

By Amitabh Kumar | March 1, 2026 10:08 AM

Khamenei Dead : अमेरिकी-इजराइल के हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के विरोध में रविवार को कश्मीर के कई हिस्सों में प्रदर्शन शुरू हुए. अधिकारियों ने बताया कि शिया बहुल इलाकों में सैकड़ों प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए. प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्वक सड़कों पर मार्च किया.

इस प्रदर्शन का वीडियो न्यूज एजेंसी एएनआई ने जारी किया है. वीडियो एक्स पर शेयर करते हुए लिखा गया कि श्रीनगर समेत कश्मीर के कई हिस्सों में शिया मुसलिम समुदाय के लोग ईरान के सुप्रीम नेता अयातोल्लाह अली खामेनेई की मौत की खबर के बाद सड़कों पर उतर आए. उन्होंने इजरायल और अमेरिका के खिलाफ नारे लगाए और ईरान के प्रति सहानुभूति जताई.

अमेरिका और इजरायल ने धोखे से हमारे नेता को मारा : काजमी

खामेनेई की मौत पर शिया समुदाय के नेता सैयद समर काजमी ने कहा कि यह पहला मौका नहीं जब हमने कोई नेता खोया है, लेकिन अपने प्यारे नेता की मौत हम कभी नहीं भूलेंगे. हम आने वाली पीढ़ियों को बताएंगे कि अमेरिका और इजरायल ने धोखे से हमारे नेता को मारा. मुस्लिम समुदाय हमेशा उनके रास्ते पर रहा और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता रहा. उन्हें केवल इसलिए मारा गया क्योंकि उन्होंने फिलिस्तीन में हो रही हत्याओं के खिलाफ आवाज उठाई, जबकि पूरी दुनिया चुप थी.

यह भी पढ़ें : मारे गए ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई, ईरानी मीडिया ने किया कन्फर्म, बेटी, पोते/पोती, बहू और दामाद की भी मौत

हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई की मौत

ईरान की सरकारी मीडिया ने रविवार सुबह पुष्टि की कि इजरायल और अमेरिका के हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई की मौत हो गई है.