केतन मर्डर क्राइम सीन री-क्रीएशन: जहां रची मंगेतर की मौत की साजिश, वहां पहुंची पुलिस; आरोपियों से पूछताछ

Ketan Murder Case: केतन अग्रवाल मर्डर केस में गिरफ्तार सिया और चेतन से पुलिस पूछताछ कर रही है. उनसे पुणे रूरल SP के ऑफिस में पूछताछ हो रही है. लोनावला पुलिस के अनुसार, आरोपियों के बयान मेल नहीं खा रहे हैं, इसलिए पुणे रूरल SP के ऑफिस में उनसे पूछताछ की जा रही है. दोनों आरोपियों की पुलिस कस्टडी कल खत्म हो रही है और पुलिस उन्हें एक बार फिर कोर्ट में पेश करेगी.

By ArbindKumar Mishra | July 2, 2026 4:12 PM

Ketan Murder Case: महाराष्ट्र पुलिस की एक विशेष टीम गुरुवार सुबह आरोपी सिया गोयल को पुणे के उस ठिकाने पर ले गई, जहां इस खौफनाक वारदात का ताना-बाना बुना गया था. जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि सिया और चेतन ने लुल्लानगर स्थित एक क्लब के पास खाली मैदान में बैठकर केतन को पहाड़ी से नीचे फेंकने का पूरा ब्लूप्रिंट तैयार किया था. उसकी रिहर्सल भी की थी. पुलिस ने सिया की निशानदेही पर उस जगह का मुआयना किया.

घर से मिले वारदात के दिन वाले कपड़े

पुलिस पुणे के मार्केट यार्ड इलाके में स्थित सिया गोयल के घर पर भी पहुंची. इस तलाशी के दौरान पुलिस ने वे कपड़े बरामद कर लिए हैं, जिन्हें सिया ने 18 जून को वारदात वाले दिन पहन रखा था. पुलिस इन कपड़ों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी में है.

प्यार में रोड़ा बन रहा था मंगेतर, इसलिए उतारा मौत के घाट

पुलिस की अब तक की जांच के मुताबिक, यह पूरा मामला प्रेम त्रिकोण और धोखेबाजी से जुड़ा है. मृतक केतन अग्रवाल और सिया गोयल की इसी साल नवंबर में शादी होने वाली थी, लेकिन सिया अपने प्रेमी चेतन चौधरी के प्यार में पागल थी. केतन उनके इस रिश्ते में सबसे बड़ा रोड़ा बन रहा था, जिसे रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने मिलकर मौत की यह खौफनाक साजिश रची.

पुणे मर्डर केस से जुड़ी और भी खबरें पढ़नें के लिए यहां क्लिक करें

रविवार को पुतला फेंककर हुआ था री-क्रीएशन

इससे पहले रविवार को पुलिस सिया को लोहागढ़ किले की उसी खाई के पास ले गई थी, जहां से केतन को धक्का दिया गया था. वहां पुलिस ने एक पुतले को नीचे फेंककर पूरे घटनाक्रम का लाइव री-क्रीएशन किया था.

बुधवार को चेतन से कराई गई शिनाख्त

बुधवार को सह-आरोपी चेतन चौधरी को भी मौका-ए-वारदात पर ले जाकर पुलिस ने क्राइम सीन को रिक्रिएट किया था.

पिता ने पहले ही जताई थी अनहोनी की आशंका

केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने पुलिस में दर्ज कराई अपनी शिकायत में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. पिता के मुताबिक, केतन ने अपनी हत्या से पहले कई बार सिया और चेतन चौधरी की बढ़ती नजदीकियों को लेकर गहरी चिंता जताई थी. सिया अक्सर बातों-बातों में चेतन का जिक्र किया करती थी, जिससे केतन असहज रहता था. केतन के पिता का आरोप है कि इसी रंजिश और लव ट्रायंगल के चलते उनके बेटे को बेहद बेरहमी से मौत की गहरी खाई में धकेल दिया गया. फिलहाल, पुलिस कस्टडी खत्म होने से पहले पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.

ये भी पढ़ें: पुणे मर्डर : सिया घबराई हुई थी, उसे जबरन कार में बैठाया गया, कैब ड्राइवर का दावा