सूरजकुंड मेले में झूला टूट कर गिरा, लोगों को बचाने की कोशिश में पुलिस इंस्पेक्टर की मौत; 13 घायल

सूरजकुंड मेले में शनिवार को बड़ा हादसा हुआ. झूला टूट कर गिरने से ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई. जबकि 13 अन्य लोग घायल हो गए.

By ArbindKumar Mishra | February 7, 2026 9:24 PM

पुलिस के अनुसार, शाम करीब छह बजे झूले पर लगभग 15 लोग बैठे थे, तभी अचानक वह गिर गया. घायलों की मदद के लिए तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया. लोगों को बचाने के क्रम में पुलिसकर्मी की मौत हो गई. बचाव अभियान के दौरान, एक स्टॉल संचालक राघव भी झूले की ग्रिल चपेट में आ गया, जिससे उसके कंधे में चोट आई.

राहत और बचाव कार्य जारी

सूचना मिलते ही जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा और पर्यटन विभाग के निदेशक पार्थ गुप्ता तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने बताया कि घायलों के इलाज के लिए तुरंत व्यवस्था की गई. राहत और बचाव कार्य जारी है.

मेला में एक और हादसा, दरवाजा गिरने से एक बच्चा सहित दो लोग घायल

झूला टूटने की घटना से पहले, शाम करीब पांच बजे मेला मैदान का एक दरवाजा अचानक गिर गया, जिससे एक बच्चे सहित दो लोग घायल हो गए.

सूरजकुंड हादसे की होगी जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई

सूरजकुंड पुलिस स्टेशन के SHO प्रहलाद कुमार ने कहा, जॉयराइड गिर गई, और हमारे एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई. जब जॉयराइड दूसरी तरफ से गिरी, तो वह लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे थे. आगे की जांच की जा रही है. मामला दर्ज किया जाएगा और जो लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.