भारत में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी: UN जलवायु प्रमुख बोले- कोयला, तेल और गैस जलाने का नतीजा भुगत रहा देश
India Heatwave Alert: संयुक्त राष्ट्र के जलवायु प्रमुख साइमन स्टील ने भारत में भीषण गर्मी का कारण बताया है. उन्होंने इसके लिए कोयला, तेल और गैस के बड़े पैमाने पर उपयोग को जिम्मेदार ठहराया है.
India Heatwave Alert: संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन समझौता (यूएनएफसीसी) के कार्यकारी सचिव स्टील ने कहा- जलवायु की ये चरम स्थितियां वैश्विक स्तर पर जलवायु प्रभावों के अनुकूलन के उपायों के महत्व को रेखांकित करती हैं.
भारत में बिजली की मांग में रिकॉर्ड वृद्धि
स्टील ने कहा, हाल के दिनों में भारत में बिजली की मांग में रिकॉर्ड वृद्धि देखी गई है. सौर ऊर्जा और अन्य नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों ने दिन के समय की मांग को पूरा करने में मदद की है, और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए भारत द्वारा उठाए गए ठोस कदम फायदेमंद साबित हुए हैं. उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी ने स्वदेशी स्वच्छ ऊर्जा और ऊर्जा-दक्षता उपायों के महत्व को रेखांकित किया है.
दो-तीन दिनों तक भीषण गर्मी से लेकर प्रचंड गर्मी
स्टील टिप्पणी ऐसे समय आई है जब भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को कहा कि मध्य और उत्तर-पश्चिमी भारत में अगले दो-तीन दिनों तक भीषण गर्मी से लेकर प्रचंड गर्मी की स्थिति बनी रहने की संभावना है. देश भर में बढ़ते तापमान के कारण बिजली की मांग में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है. 18 मई को बिजली की अधिकतम मांग 257.3 गीगावाट, 19 मई को 260.4 गीगावाट, 20 मई को 265 गीगावाट और 21 मई को रिकॉर्ड 270.8 गीगावाट तक पहुंच गई.
