Weather Forecast : मौसम विभाग ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि 4 से 9 जुलाई के दौरान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अलावा उत्तराखंड में भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, हिमाचल प्रदेश में 5 से 9 जुलाई के बीच कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.
6 से 8 जुलाई के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में बारिश के आसार हैं. वहीं, 8-9 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश, 7-9 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश जबकि 4-9 जुलाई के दौरान पूर्वी राजस्थान में कई जगहों पर अच्छी बारिश होने की संभावना है.
छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में बारिश के आसार
4 से 9 जुलाई के दौरान छत्तीसगढ़, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश तथा विदर्भ में कई जगहों पर अच्छी बारिश होने की संभावना है. वहीं, 4 से 7 जुलाई के बीच इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
मौसम विभाग का पूरा प्रेस रिलीज पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली में 4 और 5 जुलाई को मौसम आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा. इस दौरान एक-दो दौर की हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है. कहीं-कहीं मध्यम बारिश भी हो सकती है. गरज-चमक के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
— RWFC New Delhi (@RWFC_ND) July 3, 2026
बंगाल में बारिश की संभावना
4 से 9 जुलाई के दौरान गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल (कोलकाता, हावड़ा, हुगली वाला इलाका), उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल (दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी वाला इलाका) में भारी बारिश होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें : 3,4,5, 8 और 9 जुलाई को भारी बारिश, तेज हवा का अलर्ट, इन राज्यों में मानसून का कहर
गुजरात और महाराष्ट्र में बारिश के आसार
4 से 9 जुलाई के दौरान गुजरात, कोंकण-गोवा और सौराष्ट्र-कच्छ में कई स्थानों पर अच्छी से भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, मध्य महाराष्ट्र में 4 से 7 जुलाई को भारी बारिश के आसार हैं. इसके बाद 8-9 जुलाई को मध्य महाराष्ट्र, 4-9 जुलाई को मराठवाड़ा और 7-9 जुलाई को सौराष्ट्र-कच्छ के कुछ इलाकों में बारिश जारी रह सकती है.
राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया है. विभाग ने अगले पांच से सात दिनों के दौरान उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभागों में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान चलने और मध्यम से भारी बारिश होने की चेतावनी दी है. विभाग ने कहा कि कोटा संभाग के जिलों में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है.
मुंबई का मौसम कैसा रहेगा?
आईएमडी के जिला-वार मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, चार और पांच जुलाई को मुंबई में कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. बृह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) अधिकारियों के अनुसार, पड़ोसी जिले ठाणे और पालघर में भी शनिवार और रविवार के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है, जहां कुछ स्थान पर अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है.
झारखंड के कई इलाकों में बारिश का अनुमान
आईएमडी ने अगले चार दिनों के दौरान झारखंड के विभिन्न हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश, बिजली कड़कने और तेज हवा चलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है. मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के सभी 24 जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर ‘ऑरेंज’ अलर्ट (सतर्क रहें) जारी किया है। इसके बाद छह से आठ जुलाई तक ‘येलो’ अलर्ट जारी रहेगा.
