यूपी के हमीरपुर में तेज तूफान, गिरा निर्माणाधीन पुल, 6 की मौत, कई मलबे में दबे

Hamirpur Bridge Collapse: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में बड़ा हादसा हो गया. यहां एक पुल गिर गया जिससे छह लोगों की मौत हो गई.

By Amitabh Kumar | May 29, 2026 8:06 AM

Hamirpur Bridge Collapse: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में बेतवा नदी पर बन रहा एक पुल आंधी के दौरान अचानक गिर गया. हादसे में कम से कम छह लोगों की मौत की आशंका है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं. मौके पर राहत और बचाव का काम जारी है. फिलहाल हादसे से जुड़ी और जानकारी का इंतजार है.

एएसपी हमीरपुर अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि रात करीब 2 बजे सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई. SDRF की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है. मलबे से शव निकालकर उनकी पहचान कर ली गई है. प्रशासन लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है और फंसे लोगों को निकालने की कोशिश जारी है.

हादसे पर मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लिया

यूपी सीएमओ (UP Chief Minister’s Office) के मुताबिक, हमीरपुर हादसे को लेकर मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लिया. उन्होंने प्रशासन को मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों को भेजने और राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए. SDRF के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाने को कहा गया है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि हादसे में घायल लोगों का बेहतर इलाज कराया जाए और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए. इसके साथ ही अधिकारियों से कहा गया है कि वे मृतकों के परिवारों से सीधे संपर्क में रहें और उन्हें हर संभव मदद पहुंचाएं. सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और राहत कार्य तेजी से जारी है.