20 साल से फारूक अब्दुल्ला को मारने की फिराक में था हमलावर, शादी समारोह में चलाई गोली

Farooq Abdullah Attacked : जम्मू में एक शादी समारोह के दौरान जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर गोली चलाने की कोशिश करने वाला शख्स कैमरे में कैद हो गया. बाद में आरोपी ने अपने प्लान को लेकर बड़ा खुलासा किया.

By Amitabh Kumar | March 12, 2026 9:05 AM

Farooq Abdullah Attacked : फारूक अब्दुल्ला पर गोली चलाने के आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पिछले 20 साल से उनको मारने का प्लान बना रहा था. हालांकि पुलिस ने इस घटना में आतंकी साजिश की आशंका से इनकार किया है. पुलिस के मुताबिक, घटना के समय हमलावर नशे में था.

पुलिस के मुताबिक हमलावर की पहचान जम्मू के रहने वाले कमल सिंह जमवाल के रूप में हुई है. जमवाल ने कहा कि हमले के पीछे मेरा निजी मकसद था. यह हथियार भी मेरा ही है, जो मुझे लाइसेंस पर मिला है.

हमले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया

शादी समारोह का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इसमें दिख रहा है कि कमल सिंह जमवाल पीछे से फारूक अब्दुल्ला के पास पहुंचता है. बहुत करीब से उनपर बंदूक तानकर गोली चलाता है. हालांकि गोली निशाने पर नहीं लगी. इसके तुरंत बाद पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात जवानों ने उसे काबू में कर लिया.

इस सीसीटीवी फुटेज को सीएम उमर अब्दुल्ला ने भी एक्स पर शेयर किया है. उमर फारूक अब्दुल्ला के बेटे हैं.

यह भी पढ़ें : जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग, बाल-बाल बचे, सामने आया वीडियो

फारूक अब्दुल्ला क्यों गये थे जम्मू?

अधिकारियों के मुताबिक फारूक अब्दुल्ला और सुरिंदर चौधरी नेशनल कॉन्फ्रेंस के एक नेता के बेटे की शादी में उन्हें बधाई देने पहुंचे थे. बताया गया कि फायरिंग होने से पहले दोनों नेता करीब एक घंटे से ज्यादा समय से समारोह में मौजूद थे.

हमले पर कांग्रेस की आयी प्रतिक्रिया

जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने फारूक अब्दुल्ला पर हुए जानलेवा हमले की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने का जिम्मा जिन लोगों को सौंपा गया है, उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए.